26 घंटे बाद बहाल हुई सीएनजी आपूर्ति, गेल-इंडियन ऑयल के बीच विवाद खत्म

26 घंटे बाद बहाल हुई सीएनजी आपूर्ति, गेल-इंडियन ऑयल के बीच विवाद खत्म

वाराणसी क्लब में डीलर एसोसिएशन की मौजूदगी में हुई बैठक, एक महीने में सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन

वाराणसी (रणभेरी): बिजली बिल के भुगतान को लेकर गेल इंडिया और इंडियन ऑयल के बीच उपजा विवाद आखिरकार शुक्रवार को समाप्त हो गया। वाराणसी क्लब में पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और दोनों कंपनियों के अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस के बाद सहमति बनी। इसके साथ ही करीब 26 घंटे से बंद सीएनजी आपूर्ति सभी प्रभावित पंपों पर बहाल कर दी गई। इससे हजारों वाहन चालकों को राहत मिली।

गुरुवार दोपहर से सीएनजी की आपूर्ति बाधित होने के कारण शहर के दस से अधिक पंप प्रभावित हुए थे। गैस नहीं मिलने से पंपों पर वाहनों की आवाजाही थम गई थी और उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शुक्रवार को पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने मामले के समाधान के लिए गेल इंडिया और इंडियन ऑयल के अधिकारियों के साथ आपात बैठक की।

बैठक में बिजली बिल के भुगतान की जिम्मेदारी, डीलरों के बकाये, भुगतान की व्यवस्था और कमीशन में कटौती समेत कई मुद्दों पर जमकर बहस हुई। इस दौरान गेल के महाप्रबंधक मदन मोहन को माफी भी मांगनी पड़ी। वहीं, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के महाप्रबंधक राजेश कुमार ने सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी में एक महीने के भीतर समस्याओं का निराकरण करने का भरोसा दिया। बैठक में एसोसिएशन के 50 से अधिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

डीलरों ने बताया कि इंडियन ऑयल पेट्रोल और डीजल का हिसाब एक ही खाते से करती है। ऐसे में सीएनजी से जुड़े भुगतान का हिसाब रखने में दिक्कत आती है। इसके अलावा आईओसीएमसी डीलरों को एक दिन का भी क्रेडिट नहीं देती, जबकि गेल की ओर से 15 दिन का क्रेडिट दिया जाता है। भुगतान और क्रेडिट की अलग-अलग व्यवस्था के कारण भी पंप संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

49 पंपों से रोजाना 20 हजार से अधिक वाहनों को गैस

जिले में करीब 49 सीएनजी पंप संचालित हैं। इनके माध्यम से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक वाहनों को गैस की आपूर्ति होती है। एक पंप पर रोजाना करीब ढाई से तीन हजार किलो सीएनजी की खपत होती है। ऐसे में दस से अधिक पंपों पर आपूर्ति ठप होने से बड़ी संख्या में वाहन चालकों को परेशानी हुई।

गेल इंडिया के महाप्रबंधक मदन मोहन के मुताबिक, दोनों कंपनियों और पंप संचालकों के बीच बातचीत के जरिए गतिरोध दूर करने का प्रयास किया गया। बैठक में भुगतान संबंधी समस्याओं का समाधान निकालने और सीएनजी आपूर्ति सामान्य बनाए रखने पर सहमति बनी। इसके बाद सभी प्रभावित पंपों पर गैस की आपूर्ति शुरू कर दी गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *