छठ पूजा पर वाराणसी में 16 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित

छठ पूजा पर वाराणसी में 16 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जारी किया आदेश, राजस्व विभाग और संबंधित सरकारी कार्यालयों में रहेगा अवकाश

वाराणसी (रणभेरी): लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 16 नवंबर (सोमवार) को जनपद में स्थानीय अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि, यह अवकाश मुख्य रूप से राजस्व विभाग और उससे जुड़े सरकारी कार्यालयों में प्रभावी रहेगा।

जिलाधिकारी के आदेश के बाद सोमवार को संबंधित सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। प्रशासन के इस निर्णय से सरकारी कर्मचारियों को छठ महापर्व मनाने और पर्व से जुड़ी तैयारियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

गंगा घाटों पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

पूर्वांचल और बिहार में छठ पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। वाराणसी में भी इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहता है। गंगा के विभिन्न घाटों से लेकर शहर के तालाबों और सरोवरों तक बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं।

चार दिवसीय छठ अनुष्ठान के दौरान खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य की उपासना के लिए घाटों पर भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में स्थानीय अवकाश की घोषणा से राजस्व विभाग के कर्मचारियों को भी परिवार के साथ पर्व मनाने और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने में सहूलियत मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *