अखिलेश यादव के समर्थन में वाराणसी में लगा अनोखा पोस्टर, कंधे पर हाथ रखे नजर आए भगवान श्रीराम

अखिलेश यादव के समर्थन में वाराणसी में लगा अनोखा पोस्टर, कंधे पर हाथ रखे नजर आए भगवान श्रीराम

पोस्टर पर लिखा- श्रीराम के आशीर्वाद से बनेगी समाजवादी सरकार, सपा नेता ने सामाजिक सद्भाव और समानता का दिया संदेश

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में लगाया गया एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। वरुणा क्षेत्र में लगाए गए इस पोस्टर में भगवान श्रीराम को अखिलेश यादव के कंधे पर हाथ रखे दिखाया गया है। वहीं, पोस्टर के दूसरे दृश्य में प्रभु श्रीराम माता शबरी को बेर खिलाते नजर आ रहे हैं।

पोस्टर पर लिखा है, ‘श्री काशी विश्वनाथ की नगरी से हुंकार, प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से बनेगी समाजवादी सरकार।’ यह पोस्टर समाजवादी अधिवक्ता सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आलोक सौरभ ने लगवाया है। उन्होंने पोस्टर का वीडियो भी जारी किया है।

शबरी प्रसंग के जरिए सामाजिक सद्भाव का संदेश

डॉ. आलोक सौरभ ने कहा कि काशी भगवान विश्वनाथ की धरती है और प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद सभी के साथ है। पोस्टर में माता शबरी और भगवान श्रीराम के प्रसंग को शामिल करने का उद्देश्य समाज में प्रेम, सामाजिक सद्भाव और समानता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि रामायण का यह प्रसंग समाज को आपसी प्रेम और समानता की सीख देता है।

बोले- भगवान श्रीराम किसी एक दल के नहीं

सपा नेता ने कहा कि समाजवादी विचारधारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाने की बात करती है। पार्टी सभी को साथ लेकर चलने और धर्म व जाति के आधार पर भेदभाव नहीं करने में विश्वास रखती है।

अखिलेश यादव के समर्थन में वाराणसी में लगा अनोखा पोस्टर, कंधे पर हाथ रखे नजर आए भगवान श्रीराम

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग हिंदू धर्म का ठेकेदार बनने का प्रयास करते हैं, जबकि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या वर्ग के नहीं, बल्कि सभी के आराध्य हैं। उनका आशीर्वाद सब पर है। जब प्रभु की इच्छा होगी, उनके दर्शन भी होंगे।

12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री और सपा नेता पवन पांडेय ने हाल ही में घोषणा की थी कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे। इस दौरान रामलला के दर्शन से पहले वह हनुमानगढ़ी में भी मत्था टेकेंगे। इस घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई थी। भाजपा नेताओं सहित कई राजनीतिक नेताओं ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के ऐलान को राजनीति से जोड़ते हुए सवाल उठाए थे। वहीं, अखिलेश यादव पहले इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद रामलला के दर्शन करने की बात कह चुके हैं। वाराणसी में लगे इस पोस्टर को भी इसी राजनीतिक माहौल के बीच सपा की ओर से दिए जा रहे संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *