वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने बुधवार को मोहनसराय–अदलपुरा मार्ग पर सोलर स्ट्रीट लाइट परियोजना का विधिवत उद्घाटन किया। वाराणसी विकास प्राधिकरण की अवस्थापना निधि से करीब 160.93 लाख रुपये की लागत से यह योजना पूरी की गई है।
इस परियोजना के अंतर्गत 120 वॉट क्षमता की 85 ऑल-इन-वन ऑटोमेटिक सोलर लाइटें स्थापित की गई हैं। विधायक डॉ. सुनील पटेल ने बताया कि मोहनसराय चौराहे से मिल्कीचक रेलवे ओवरब्रिज के आगे तक लगभग एक किलोमीटर के दायरे में सड़क के दोनों ओर प्रकाश व्यवस्था की गई है, जिससे रात्रिकालीन आवागमन अब पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज क्षेत्र में पहले अंधेरे के कारण हमेशा भय की स्थिति बनी रहती थी, लेकिन सोलर लाइट लगने से अब राहत मिली है। इस पहल को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
उद्घाटन अवसर पर विधायक ने आने वाले समय में प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस कार्य के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता सत्य प्रकाश वर्मा और व्यवस्थापक रमाशंकर गुप्ता ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में अपना दल (एस) के विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, ओम प्रकाश सिंह, ग्राम प्रधान मनोज पटेल, अमलेश मिश्रा, विनोद गुप्ता, रमेश चंद्र गुप्ता ‘सोनू’, तूफानी यादव, सुपरवाइजर गुड्डू, शीतला प्रसाद पटवारी, जेपी पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
