काशी-तमिल संगमम 5.0 में बीएचयू और आइआइटी बीएचयू के विद्यार्थी बनेंगे स्वयंसेवक

काशी-तमिल संगमम 5.0 में बीएचयू और आइआइटी बीएचयू के विद्यार्थी बनेंगे स्वयंसेवक

पंजीकरण के लिए बीएचयू प्रशासन ने विद्यार्थियों से किया आह्वान, स्वयंसेवकों को मिलेगा प्रतिभागिता प्रमाणपत्र

वाराणसी (रणभेरी): काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, साहित्यिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले काशी-तमिल संगमम (केटीएस) 5.0 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और आइआइटी बीएचयू के विद्यार्थी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की है।

इच्छुक विद्यार्थी काशी-तमिल संगमम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। स्वयंसेवक के रूप में आयोजन में योगदान देने वाले विद्यार्थियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों, संबद्ध महाविद्यालयों और आइआइटी बीएचयू के विद्यार्थी आयोजन के सफल संचालन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।

संगमम के मुख्य आयोजन से पहले कई प्री-इवेंट गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं, अकादमिक और साहित्यिक आयोजन समेत कई गतिविधियां शामिल होंगी। इन आयोजनों के जरिए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।

प्री-इवेंट गतिविधियों में भागीदारी और आयोजन से जुड़ी अन्य जानकारियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर अलग लिंक भी उपलब्ध कराया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही युवाओं को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और राष्ट्रीय एकता के साथ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *