11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, देव दीपावली पर होगा भव्य ड्रोन और लेजर शो

11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, देव दीपावली पर होगा भव्य ड्रोन और लेजर शो

24 नवंबर को गंगा के 84 घाटों और 100 से अधिक कुंडों पर होगा दीपोत्सव, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 10 जोन और 27 वॉच टावर बनेंगे

वाराणसी (रणभेरी): काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली इस बार और भव्य एवं आकर्षक रूप में मनाई जाएगी। 24 नवंबर को गंगा के 84 घाटों से लेकर शहर के 100 से अधिक कुंडों तक दीपों की रोशनी से काशी जगमगाएगी। आयोजन में 11 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। इसके साथ ही आसमान में ड्रोन शो, ग्रीन आतिशबाजी और लेजर शो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं, 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक कर देव दीपावली और गंगा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करें।

गंगा महाआरती के बाद होगा लेजर और ड्रोन शो

24 नवंबर की शाम काशी के सभी प्रमुख घाट दीपों से रोशन होंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती आयोजित की जाएगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो होगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने आसमान में ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष दीपोत्सव की तैयारी की जा रही है।

नमो घाट से अस्सी तक नावों के लिए वन-वे व्यवस्था

पिछले वर्षों में नावों पर बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था से सबक लेते हुए इस बार गंगा में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग वाटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन तैयार की गई है। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी की ओर जाएंगी और रेतीले तट की तरफ से वापस लौटेंगी।

गंगा में डीजल से चलने वाली नावों और दूसरे जनपदों से आने वाली बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा।

10 जोन, 21 सेक्टर और 27 वॉच टावर से होगी निगरानी

लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके अलावा क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), ड्रोन कैमरे और निजी गोताखोर तैनात रहेंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड की भी तैनाती होगी।

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

31 स्थानों पर पार्किंग, सात जगह से भारी वाहनों का डायवर्जन

देव दीपावली के दौरान शहर को जाम से बचाने के लिए 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल समेत प्रमुख चिकित्सा संस्थानों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा।

20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान पूरा होते ही घाटों की सफाई शुरू करा दी जाए, जिससे अगली सुबह गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी है। इसे देखते हुए गुरुद्वारों में लंगर और कीर्तन की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

20 नवंबर से शुरू होगा गंगा महोत्सव

देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित होगा। चार दिवसीय महोत्सव में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याएं सजेंगी। मुख्यमंत्री ने आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है।
इसके साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और टैक्सी संचालकों से श्रद्धालुओं को उचित दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की गई है, ताकि काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *