गोरखपुर में सीएम योगी के कार्यक्रम के दौरान दिखी मासूम राजनीति, 5 साल के बच्चे ने लूटी महफिल

गोरखपुर में सीएम योगी के कार्यक्रम के दौरान दिखी मासूम राजनीति, 5 साल के बच्चे ने लूटी महफिल

(रणभेरी) : गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक सभी के चेहरों पर मुस्कान ला दी। भगवा कुर्ता-पायजामा और गमछा पहने एक 5 साल का बच्चा अचानक मंच तक पहुंच गया। बच्चे को देखते ही मुख्यमंत्री योगी मुस्कुरा उठे।

मुख्यमंत्री ने स्नेह से बच्चे से पूछा—
“तुमने मेरा जैसा कपड़ा क्यों पहना है?”
इस पर बच्चे ने बिना झिझक मासूम अंदाज़ में जवाब दिया—
“मुझे आपके जैसा बनना है।”
बच्चे का यह जवाब सुनते ही मंच पर मौजूद नेता, अधिकारी और दर्शक ठहाके लगाने लगे।
इतना ही नहीं, बच्चे ने माइक थामते हुए मुख्यमंत्री के अंदाज़ में लोगों को संबोधित किया। उसने कहा—
“मैं यूपी का सीएम बोल रहा हूं। सड़क पर घर मत बनवाना, नहीं तो बुलडोजर चलवा दूंगा।”
मुख्यमंत्री की शैली की नकल करते हुए बच्चे की यह बात सुनकर पूरा पंडाल हंसी से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चा मुख्यमंत्री योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लेने भी पहुंचा।
सीएम योगी ने दिया स्नेह, चॉकलेट भेंट की
बच्चे की मासूमियत से प्रभावित मुख्यमंत्री योगी ने उसे चॉकलेट दी और प्यार से बातचीत की। उन्होंने पूछा—
“तुम्हारा नाम क्या है? किस क्लास में पढ़ते हो?”

बच्चे ने जवाब दिया-
“मेरा नाम अश्विन है, मैं नर्सरी में पढ़ता हूं।”
करीब एक मिनट तक मुख्यमंत्री बच्चे से बात करते रहे और उसे मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। इसके बाद अश्विन चॉकलेट लेकर खुशी-खुशी अपने परिवार के पास चला गया।

हीरक जयंती समारोह में पहुंचे थे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के श्री भगवती प्रसाद कन्या महाविद्यालय के हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित किया।

इसी दौरान मंच पर पहुंचा बच्चा अश्विन त्रिपाठी, महावीर पुरम मोहल्ले का रहने वाला है। उसके पिता शैलेंद्र त्रिपाठी और मां सीमा शुक्ला हैं। वह गोरखनाथ मंदिर के पास स्थित जीएन पब्लिक स्कूल में नर्सरी का छात्र है। अश्विन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उससे पूछा कि उसने भगवा कपड़े क्यों पहने हैं, उसका नाम क्या है और अच्छे से पढ़ाई करने की सीख दी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *