महापौर और नगर आयुक्त ने किया पार्क का निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश
वाराणसी (रणभेरी): शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और नागरिकों के लिए अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्क परिसर में निर्माणाधीन डिजिटल लाइब्रेरी, हरित क्षेत्र के विकास, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागों के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, डिजाइन और प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि शहीद उद्यान शहर का ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। इसका विकास इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे शहरवासियों, विशेषकर विद्यार्थियों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि पार्क में बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी। यहां उन्हें पढ़ाई के लिए शांत और बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
वहीं, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि पार्क के सौंदर्यीकरण, डिजिटल लाइब्रेरी और प्रकाश व्यवस्था से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पार्क में पर्याप्त रोशनी और हरियाली बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि कायाकल्प के बाद शहीद उद्यान न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाए, बल्कि नागरिकों के लिए मनोरंजन, अध्ययन और सुकून का बेहतर सार्वजनिक केंद्र भी बने।
