वाराणसी (रणभेरी): कैंटोनमेंट इलाके में एक युवती को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक शुभम राय को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन युवती की शादी कहीं और तय होने के बाद विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, युवती ने परिवार की इच्छा के अनुसार शादी करने का निर्णय लिया था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने उस पर गोली चला दी। घायल युवती का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
होटल संचालक को नोटिस
घटना में एक और लापरवाही सामने आई है। फर्जी पहचान पत्र पर युवक-युवती को कमरा देने और गोली चलने के बावजूद पुलिस को सूचना न देने के मामले में होटल संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
मुलाकात के बहाने बुलाया होटल
कैंट एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि आरोपी शुभम राय कपसेठी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले तीन वर्षों से गाजीपुर की युवती के संपर्क में था। युवती की शादी तय होने के बाद उसने दूरी बना ली थी। इसी बीच आरोपी ने 9 अप्रैल को आखिरी बार मिलने के लिए उसे होटल में बुलाया।
दो दिन साथ रहने के बाद वारदात
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों दो दिनों तक होटल में साथ रहे। उसने युवती पर शादी से इनकार करने के लिए दबाव बनाया, लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने गोली चला दी। गोली दीवार से टकराकर युवती की कमर में जा लगी। वारदात के बाद आरोपी उसे अस्पताल पहुंचाकर मौके से फरार हो गया।
बिहार से खरीदी थी पिस्टल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अवैध रूप से पिस्टल बिहार के एक युवक से खरीदी थी। वह पहले यूपी कॉलेज में पढ़ाई कर चुका है और वर्तमान में जमीन से जुड़े कार्य करता है।
घटना से मचा था हड़कंप
11 अप्रैल को माल रोड स्थित एक होटल में कमरे के अंदर हुए विवाद के दौरान गोली चलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शुरुआत में पुलिस को घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मामला सामने आया। बाद में जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पूरी घटना की पुष्टि हुई।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
