काशी से चिराग पासवान का चुनावी शंखनाद, बोले- गठबंधन नहीं तो पूरे यूपी में लड़ेंगे चुनाव

काशी से चिराग पासवान का चुनावी शंखनाद, बोले- गठबंधन नहीं तो पूरे यूपी में लड़ेंगे चुनाव

काशी में नव संकल्प महासभा के जरिए किया शक्ति प्रदर्शन, बोले- जब तक जिंदा हूं, आरक्षण और संविधान पर आंच नहीं आने दूंगा

वाराणसी (रणभेरी): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को काशी में नव संकल्प महासभा के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित सभा में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा सियासी संकेत दिया। चिराग ने कहा कि गठबंधन को लेकर औपचारिक बातचीत चल रही है। यदि बात नहीं बनी तो उनकी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी।

चिराग पासवान ने कहा कि काशी से अभी चुनावी शंखनाद किया गया है। वह अपने पिता स्व. रामविलास पासवान के संकल्प और सपनों को पूरा करने के लिए निकले हैं। उनके पिता ने बिहार में दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी थी। उसी संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए अब उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी जाएगी।

आरक्षण और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

चिराग पासवान ने बाबा विश्वनाथ की धरती से अपने पिता के संघर्षों की कसम खाते हुए कहा कि जब तक वह जिंदा हैं, तब तक आरक्षण और संविधान पर कोई आंच नहीं आने देंगे। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे।

उन्होंने दावा किया कि दलितों की आवाज बनकर रामविलास पासवान ने पहली बार संसद में बाबा साहेब की तस्वीर लगवाने का काम किया। मंडल कमीशन को लागू कराने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने में भी उनके पिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जाति-धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील

लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियों ने जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया है। उनके पिता ने अगड़ी जातियों के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की पहल की। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें डर है कि यदि उत्तर प्रदेश का युवा जाति और धर्म से ऊपर उठकर एकजुट हो गया तो उनकी राजनीतिक जमीन खिसक जाएगी।

जदयू के बाद लोजपा ने भी बढ़ाई सियासी सक्रियता

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों की प्रदेश में सक्रियता बढ़ने लगी है। करीब सप्ताह भर पहले जदयू ने प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शामिल हुए थे। अब चिराग पासवान ने नव संकल्प महासभा के जरिए अपनी पार्टी की राजनीतिक ताकत दिखाई है। गठबंधन में सीटों को लेकर चल रही बातचीत के बीच लोजपा का यह शक्ति प्रदर्शन यूपी की सियासत में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

सभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणिशंकर पांडेय, जमुई से लोजपा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र सिंह मुन्ना और मीडिया प्रभारी धीरेंद्र कुमार मुन्ना सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *