लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी, दीपावली पर दुकानों में बेचने की थी तैयारी; बारूद और पटाखे बनाने के उपकरण भी मिले
(रणभेरी): दीपावली से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिंधोरा पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी कर पुलिस ने 501.5 किलो निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे बरामद किए। मौके से भारी मात्रा में बारूद और पटाखे बनाने की सामग्री व उपकरण भी मिले। पुलिस ने मकान में मौजूद रफीक (45) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आगामी दीपावली को देखते हुए अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में सिंधोरा पुलिस और एसओजी-02 की टीम ने मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में पटाखे और निर्माण सामग्री बरामद हुई।
बरामद पटाखों में फूलझड़ी, रॉकेट, बुलेट बम, सुतली बम, मिर्ची बम और चकरी शामिल हैं। इसके अलावा बारूद, शोरा, गंधक, चारकोल और एल्युमिनियम पाउडर भी मिला। पटाखों में बारूद भरने और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए।
मौके पर मौजूद रफीक से पुलिस ने पटाखे बनाने और भंडारण का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के लिए पटाखे तैयार कर दीपावली पर दुकानों में बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने बरामद विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम से नमूने भी संकलित कराए। सिंधोरा थाने में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय और एसओजी-02 प्रभारी पंकज सिंह चौहान शामिल रहे।
