गलत रिपोर्ट लगाने और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
वाराणसी (रणभेरी): जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि फरियादियों की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार जनपद और तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में गलत रिपोर्ट लगाने या लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतें सुनें। गंभीर प्रकृति की शिकायतों का मौके पर जाकर निरीक्षण करें और उनका प्रभावी समाधान कराएं।
डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं लंबित शिकायतों को देखें और संबंधित फरियादियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का तत्काल एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने दोहराया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
