हार और जीत भाषणों से तय नहीं होती : अखिलेश यादव

हार और जीत भाषणों से तय नहीं होती : अखिलेश यादव

गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए सपा सुप्रीमो का BJP पर बड़ा हमला
बोले- पीडीए का बढ़ाएंगे दायरा, छह सीटों पर छल-कपट से जीती भाजपा

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। राजधानी लखनऊ में नवनिर्वाचित सपा प्रत्याशियों के साथ आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों ने भाजपा के राजनीतिक समीकरणों को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) गठबंधन का दायरा और प्रभाव बढ़ाएगी।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को जनता के समर्थन से जीत मिली है, जबकि भाजपा ने छह सीटों पर छल-कपट और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग के सहारे जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में पार्टी की जीत के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरी मजबूती से संघर्ष किया। मतदान से लेकर मतगणना तक सपा कार्यकर्ताओं ने जिस साहस का परिचय दिया, वह केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में यह संघर्ष और तेज होगा।

प्रेसवार्ता में सपा ने एकजुटता का संदेश देते हुए चुनाव में जीतने वाले प्रत्याशियों के साथ हारने वाले उम्मीदवारों को भी मंच पर स्थान दिया। अखिलेश यादव ने सभी प्रत्याशियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव में पासी, कायस्थ और व्यापारी वर्ग समेत समाज के विभिन्न तबकों ने एकजुट होकर समाजवादी पार्टी पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि आगे की लड़ाई सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए होगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हार और जीत भाषणों से तय नहीं होती, बल्कि जनता अपने मत से फैसला करती है। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी आने वाले समय में सामाजिक समीकरणों को और मजबूत करने के साथ पीडीए की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देगी।

लाल बिहारी यादव ने सरकार बनाने का किया दावा

सपा एमएलसी लाल बिहारी यादव ने कहा कि जब तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा, तब तक जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

वहीं, आकाश अग्रवाल ने चुनाव में प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव में प्रशासनिक हस्तक्षेप नहीं होता तो समाजवादी पार्टी कम से कम आठ सीटें जीतती।

वाराणसी और लखनऊ में बदलाव की लहर का दावा

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि वाराणसी और लखनऊ अब बदलाव चाहते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व और समाजवादी पार्टी की नीतियों पर भरोसा जताते हुए दावा किया कि आगामी समय में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। पार्टी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि एमएलसी चुनाव के नतीजे आने वाले राजनीतिक संघर्ष की दिशा तय करेंगे और सपा सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *