गोरखपुर में जमीन विवाद बना खूनी, घर में घुसकर युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

गोरखपुर में जमीन विवाद बना खूनी, घर में घुसकर युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

(रणभेरी): गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पटीदारी के झगड़े में एक युवक को उसके ही घर में घुसकर गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान दुबौली गांव निवासी पंकज निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब नौ बजे 4–5 लोग उसके घर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। गोली लगते ही पंकज लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर किया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बेटी ने लगाए गंभीर आरोप

पंकज की बेटी ने बताया कि उनके पाटीदार रामजतन, अंकुल, सूरज और विशाल घर में जबरन घुस आए थे। आरोप है कि सबसे पहले इन लोगों ने कुदाल से उनके चाचा पर हमला किया। चाचा को बचाने जब पंकज बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और घसीटते हुए कमरे के अंदर ले जाकर गोली मार दी।

गोरखपुर में जमीन विवाद बना खूनी, घर में घुसकर युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

कार से लौटते ही वारदात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकुल कई साल बाद रविवार को कार से गांव लौटा था। उसके साथ अन्य लोग भी थे। कार से उतरते ही वह सीधे पंकज के घर पहुंचा और विवाद के बाद गोली चला दी। उस समय घर में पंकज के माता-पिता, भाई-बहन और बच्चे मौजूद थे।

जमीन विवाद बताया जा रहा कारण

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन से जुड़ा पुराना विवाद बताई जा रही है। सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *