पवन यादव हत्याकांड: शव रखकर हाईवे जाम, मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

पवन यादव हत्याकांड: शव रखकर हाईवे जाम, मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

(रणभेरी): समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पवन यादव की हत्या के बाद बुधवार को प्रयागराज में दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। इस दौरान हाईवे पर लगी बैरिकेडिंग हटाने और तोड़ने की कोशिश भी हुई। कुछ लोगों ने सड़क किनारे लगे बोर्ड भी उखाड़ दिए। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।

परिजनों ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और दो करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग रखी। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई। मौके पर करीब 200 पुलिसकर्मी, 10 एसीपी, नौ थानों की पुलिस और पांच पीएसी वाहन तैनात किए गए। कई घंटे तक चले गतिरोध के बाद रात करीब नौ बजे परिजन शव लेकर वहां से हटे।

दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

पवन यादव हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने बुधवार दोपहर हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत इलाके में दो संदिग्ध आरोपियों को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान हुई मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला और निहाल घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी। उन्हें हंडिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

पवन यादव हत्याकांड: शव रखकर हाईवे जाम, मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

पुलिस ने इस मामले में प्रधानपति विनोद कुमार यादव और बृजेश यादव को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश और सुपारी दिए जाने की जानकारी सामने आई।

पांच लाख रुपये में हत्या की साजिश का दावा

पुलिस के मुताबिक, पवन यादव की हत्या कथित तौर पर पांच लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई। पूछताछ में सामने आया कि वारदात की तैयारी करीब डेढ़ महीने से चल रही थी। पुलिस का कहना है कि हत्या के लिए भदोही से शूटरों को बुलाया गया था।

जांच के अनुसार, प्रधानपति विनोद कुमार यादव की पवन यादव से पंचायत चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक, विनोद की पत्नी के प्रधान बनने के बाद गांव में एक संविदा पद पर नियुक्ति को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद पवन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।

पुलिस का दावा है कि विनोद ने जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला से संपर्क किया। लल्ला को भी पवन से पुरानी नाराजगी थी। इसके बाद लल्ला ने भदोही निवासी निहाल अहमद और हंडिया क्षेत्र के बृजेश यादव को कथित साजिश में शामिल किया।

पवन यादव हत्याकांड: शव रखकर हाईवे जाम, मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

42 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से सुराग

पुलिस ने घटना की जांच के दौरान इलाके में लगे करीब 42 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक सवार संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया।

पुलिस के अनुसार, वारदात के समय निहाल बाइक चला रहा था, बृजेश बीच में बैठा था और पीछे बैठे जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला ने पवन पर गोली चलाई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे बरामद करने की बात कही है।

जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी जितेंद्र यादव के खिलाफ प्रयागराज, कौशांबी और भदोही में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ कुल 44 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर छह बार गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है।

कैफे से निकलते ही पवन पर हमला

पवन यादव मंगलवार दोपहर अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे। उन्होंने कर्मनाशा मोहल्ले में कार खड़ी की और पास के एक कैफे में चले गए। करीब दो घंटे बाद शाम लगभग 5:20 बजे जब वह कैफे से निकलकर अपनी कार के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक बाइक पर सवार हमलावरों में दो ने हेलमेट पहन रखा था। बाइक धीमी होते ही पीछे बैठे हमलावर ने पवन को नजदीक से गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। घटनास्थल स्थानीय थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताया गया है। घायल पवन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल और फिर एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाई ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

पवन यादव के छोटे भाई बृजेश यादव ने कहा कि उनके भाई को किसी व्यक्ति ने बुलाया था और इसी वजह से वह उस स्थान पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि परिवार चाहता है कि हत्या में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।

सपा ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता निधि यादव ने घटना को लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हंडिया जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हत्या होना गंभीर मामला है और सरकार को नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *