मिर्जापुर में टोटो को बचाने में पलटी दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो, 10 लोग घायल

मिर्जापुर में टोटो को बचाने में पलटी दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो, 10 लोग घायल

(रणभेरी): मिर्जापुर-औराई मार्ग पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में दर्शन करने जा रहे 10 लोग घायल हो गए। चील्ह थाना क्षेत्र के शेख डड़िया गांव के पास टैंकर को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे टोटो को बचाने के प्रयास में बोलेरो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी जिले के फूलपुर निवासी 48 वर्षीय दिलीप कनौजिया परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ सोमवार सुबह करीब आठ बजे विंध्याचल धाम दर्शन के लिए निकले थे। बोलेरो शेख डड़िया गांव के पास पहुंची तो चालक आगे चल रहे टैंकर से आगे निकलने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान सामने से टोटो आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बोलेरो के चारों पहिए ऊपर होने के कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हुई। सभी घायलों को चील्ह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में चार वर्षीय शिवांश, छह वर्षीय सोनाक्षी, 45 वर्षीय सरिता, 24 वर्षीय नंदिनी और चार वर्षीय सीतांशु सहित कुल 10 लोग शामिल थे। हादसे में किसी को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं मिली।

प्राथमिक उपचार के बाद विंध्याचल रवाना

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. धीरज जायसवाल के मुताबिक, घायलों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति सामान्य पाई गई। स्वास्थ्य में सुधार होने पर परिवार के सदस्यों को ऑटो से विंध्याचल दर्शन के लिए भेज दिया गया। वहीं, चील्ह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि टैंकर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से टोटो आ जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे में घायल सभी 10 लोगों का उपचार कराया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *