शिवगंगा और सुपरफास्ट रद्द, बनारस स्टेशन पर रात गुजारने को मजबूर हुए 100 यात्री

जनरल टिकट और एजेंट से आरक्षण कराने वाले यात्रियों को नहीं मिली सूचना, डीआरएम ने देर रात स्टेशन पहुंचकर लिया जायजा

वाराणसी (रणभेरी): बनारस स्टेशन से नई दिल्ली जाने वाली दो प्रमुख ट्रेनें शुक्रवार को रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिवगंगा एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रद्द होने की जानकारी नहीं मिलने से करीब 100 यात्री स्टेशन पर ही फंस गए। आजमगढ़, सोनभद्र, भदोही, चंदौली और गाजीपुर समेत आसपास के जिलों से पहुंचे इन यात्रियों में कई को रात स्टेशन पर गुजारनी पड़ी, जबकि कुछ को वापस घर लौटना पड़ा।

सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिन्होंने जनरल टिकट लिया था या आरक्षण एजेंट और साइबर कैफे के माध्यम से टिकट बुक कराया था। रेलवे की ओर से आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को ट्रेन रद्द होने की सूचना दी गई, लेकिन कई अन्य यात्रियों तक यह जानकारी नहीं पहुंच सकी। ऐसे में वे निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंच गए और ट्रेन रद्द होने के कारण उन्हें निराश होकर रुकना पड़ा।

शुक्रवार रात 10:15 बजे रवाना होने वाली बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस रद्द कर दी गईं। दोनों ट्रेनों से दिल्ली जाने की तैयारी कर चुके यात्रियों के सामने अचानक ठहरने और आगे की यात्रा का संकट खड़ा हो गया। अकेले आए यात्रियों के साथ परिवार लेकर पहुंचे लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

शिवगंगा और सुपरफास्ट रद्द, बनारस स्टेशन पर रात गुजारने को मजबूर हुए 100 यात्री

ट्रेन छूटने के समय प्लेटफार्म पर पसरा सन्नाटा

शुक्रवार रात करीब 10 बजे बनारस स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या आठ पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम यात्री नजर आए। दोनों प्रमुख ट्रेनों के रद्द होने से प्लेटफार्म पर सन्नाटा पसरा रहा। वहां केवल वही यात्री मौजूद थे, जो ट्रेन रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद भी किसी कारणवश घर नहीं लौट सके थे। कई यात्रियों के लिए रात में अपने गृह जनपद वापस जाना भी आसान नहीं था।

डीआरएम और आरपीएफ ने देर रात किया निरीक्षण

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अश्वनी जैन ने शुक्रवार देर रात बनारस स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान आरपीएफ के अधिकारी भी मौजूद रहे।

यात्रियों को उपलब्ध कराया भोजन और डॉरमेट्री

स्टेशन पर फंसे यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे प्रशासन ने उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था कराई। देर रात यात्रियों को डॉरमेट्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें कुछ राहत मिली। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को अगली उपलब्ध ट्रेन से दिल्ली भेजने का प्रयास करने की बात कही।रेलवे प्रशासन के अनुसार, नई दिल्ली से बनारस आने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस और सुपरफास्ट एक्सप्रेस शनिवार को भी रद्द रहेंगी। ऐसे में यात्रियों को यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की जरूरत है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *