वडनगर से बाइक पर काशी पहुंचे यात्री; मैदागिन से विश्वनाथ मंदिर तक निकली सांस्कृतिक यात्रा, बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक
वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जन सेवा, देश सेवा’ के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। धार्मिक आस्था और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में महिलाओं ने विशेष भागीदारी निभाई। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की भव्य शोभायात्रा ने आयोजन को आकर्षण का केंद्र बना दिया।
कलश यात्रा मैदागिन से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर निकाली गई। यात्रा में 51 महिलाएं शामिल हुईं, जो गुजरात सहित देश की प्रमुख पवित्र नदियों के जल से भरे कलश लेकर आगे चल रही थीं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
इससे पहले गुजरात के वडनगर से बाइक पर सवार होकर काशी पहुंचे करीब 500 यात्रियों का संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और राष्ट्र को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री का संबोधन समाप्त होने के बाद बाइक यात्रियों को बसों के जरिए मैदागिन पहुंचाया गया। यहां से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में बाइक यात्रियों के साथ मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

शोभायात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने के बाद सभी ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में प्रवेश किया। यहां करीब एक घंटे तक विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
आयोजन के तहत बाइक यात्रियों के भोजन की व्यवस्था भी की गई। दोपहर 1:15 बजे से 2:30 बजे तक गोकुल धाम में भोजन का कार्यक्रम रखा गया। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से गोकुल धाम के सामने स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज परिसर में जनसभा आयोजित की जाएगी। जनसभा का कार्यक्रम शाम 4:30 बजे तक प्रस्तावित है।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी का संगम देखने को मिला। महिलाओं की बड़ी मौजूदगी ने कार्यक्रम में नारी शक्ति की प्रभावी भागीदारी को भी रेखांकित किया।
