नामांकन के दौरान कमिश्नरी गेट पर भाजपा प्रत्याशी से धक्का-मुक्की, अफसरों के हस्तक्षेप से खुला गेट

नामांकन के दौरान कमिश्नरी गेट पर भाजपा प्रत्याशी से धक्का-मुक्की, अफसरों के हस्तक्षेप से खुला गेट

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नामांकन के दौरान कमिश्नरी परिसर के बाहर शनिवार को अव्यवस्था की स्थिति बन गई। भाजपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को कमिश्नरी के गेट पर सुरक्षाकर्मियों की कथित रोक-टोक का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रत्याशी और सुरक्षाकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई। आरोप है कि गेट पर उन्हें धक्का भी दिया गया।

नामांकन के लिए डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा अपने प्रस्तावकों और समर्थकों के साथ कमिश्नरी परिसर पहुंचे थे। गेट बंद होने के कारण प्रत्याशी, महापौर और एक विधायक समेत बाहर मौजूद लोग काफी देर तक प्रवेश की मांग करते रहे। प्रत्याशी ने स्वयं को नामांकन दाखिल करने वाला उम्मीदवार बताते हुए समय और निर्धारित मुहूर्त निकलने का हवाला देकर गेट खोलने की अपील की।

नामांकन के दौरान कमिश्नरी गेट पर भाजपा प्रत्याशी से धक्का-मुक्की, अफसरों के हस्तक्षेप से खुला गेट

मामला बढ़ता देख महापौर ने भी नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर एसीपी कैंट प्रज्ञा मिश्रा मौके पर पहुंचीं। उनके हस्तक्षेप के बाद गेट खुला और प्रत्याशी को परिसर में प्रवेश मिल सका।

प्रस्तावक भी बाहर फंसे

नामांकन प्रक्रिया के दौरान डॉ. प्रमोद मिश्रा के दो प्रस्तावक जरूरी दस्तावेज लेकर काफी देर तक परिसर के बाहर खड़े रहे। बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्याशी के साथ सीमित संख्या में लोगों को ही नामांकन कक्ष तक जाने की अनुमति थी। प्रवेश को लेकर बनी स्थिति के कारण नामांकन प्रक्रिया में शामिल लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाद में मंत्री, विधायक और महापौर के हस्तक्षेप के बाद प्रत्याशी पश्चिमी गेट से कमिश्नरी परिसर में दाखिल हुए। इस दौरान भाजपा के कई प्रमुख नेता परिसर में मौजूद रहे, हालांकि मौके पर शिक्षकों की मौजूदगी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।

नामांकन के दौरान कमिश्नरी गेट पर भाजपा प्रत्याशी से धक्का-मुक्की, अफसरों के हस्तक्षेप से खुला गेट

निर्धारित है नामांकन का कार्यक्रम

वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में कराया जा रहा है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों के नामांकन की व्यवस्था अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में की गई है।

प्रशासन की ओर से प्रत्याशियों के प्रवेश के लिए विकास भवन के सामने स्थित कमिश्नरी गेट निर्धारित किया गया है। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ अधिकतम पांच लोगों को प्रवेश देने की व्यवस्था है।

नामांकन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी। शनिवार को शिक्षक एमएलसी पद के लिए डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा ने नामांकन किया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चंद्र प्रकाश गुप्ता और प्रशांत कुमार ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *