आगरा में डीजल से भरा टैंकर ट्रेलर से टकराया, सड़क पर बहने लगा ईंधन; बाल्टी-कैन लेकर पहुंची भीड़

आगरा में डीजल से भरा टैंकर ट्रेलर से टकराया, सड़क पर बहने लगा ईंधन; बाल्टी-कैन लेकर पहुंची भीड़

(रणभेरी): आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह डीजल-पेट्रोल से भरे टैंकर को पीछे से एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर का चैंबर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा ईंधन सड़क पर फैलने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग बाल्टी, कैन और डिब्बे लेकर सड़क पर फैला डीजल भरने लगे।

हादसा सुबह करीब 7:45 बजे फतेह सिंह की पुलिया के पास हुआ। पुलिस के अनुसार टैंकर फिरोजाबाद के रसूलाबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उसमें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद टैंकर का टैंक फट गया और बड़ी मात्रा में ईंधन सड़क पर फैल गया।

टैंकर में था 12 हजार लीटर ईंधन

टैंकर के परिचालक शिवदत्त के मुताबिक, एत्मादपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से टैंकर में ईंधन भरा गया था। टैंकर में दो चैंबर थे। इनमें करीब 3 हजार लीटर पेट्रोल और 9 हजार लीटर डीजल मौजूद था। हादसे में टैंकर क्षतिग्रस्त होने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

आगरा में डीजल से भरा टैंकर ट्रेलर से टकराया, सड़क पर बहने लगा ईंधन; बाल्टी-कैन लेकर पहुंची भीड़

ईंधन सड़क पर फैलने की जानकारी के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां काफी भीड़ जमा हो गई। कई लोग अपने साथ बर्तन लेकर आए और सड़क पर बह रहे डीजल को उनमें भरने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस ने संभाली स्थिति, क्रेन से हटाया टैंकर

ईंधन फैलने के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को वहां से हटाया। सड़क पर पेट्रोल और डीजल फैला होने के कारण आग लगने का खतरा भी बना हुआ था, इसलिए पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर किया। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात को दोबारा सुचारु कराया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *