यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट कल 4 बजे जारी होगा, टॉपर्स की लिस्ट भी आएगी साथ में

यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट कल 4 बजे जारी होगा, टॉपर्स की लिस्ट भी आएगी साथ में

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम 23 अप्रैल को शाम 4 बजे घोषित किया जाएगा। बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार, इस बार परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दो दिन पहले जारी किया जा रहा है।

रिजल्ट जारी होने के साथ ही दोनों कक्षाओं के टॉपर्स की सूची भी सार्वजनिक की जाएगी। राज्य में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से सम्मानित करने की तैयारी है।

52 लाख से अधिक छात्रों ने कराया था पंजीकरण

इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 52,30,297 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया था। इनमें हाईस्कूल में 27,50,945 और इंटरमीडिएट में 24,79,352 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। हाईस्कूल में लड़कों की संख्या 14.38 लाख और लड़कियों की 13.12 लाख रही। परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलीं, जो प्रदेश के 75 जिलों में 8,033 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गईं। इस दौरान लगभग 2.87 लाख छात्र अनुपस्थित रहे।

मूल्यांकन 4 अप्रैल तक पूरा

उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेश में 254 केंद्र बनाए गए थे, जहां करीब 1.52 लाख शिक्षकों ने कॉपियों की जांच की। कुल मिलाकर लगभग 2.80 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।

फेल छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका

बोर्ड की ओर से जानकारी दी गई है कि एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट परीक्षा का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए परिणाम के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके अलावा अंक सुधार चाहने वाले छात्र स्क्रूटनी के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।

डिजिटल मार्कशीट भी होगी उपलब्ध

इस वर्ष परिणाम के साथ ही मार्कशीट डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। बाद में स्कूलों के माध्यम से मूल प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।

पिछले वर्ष के टॉपर्स और प्रदर्शन

पिछले साल हाईस्कूल में जालौन के यश ने 97.83% अंकों के साथ टॉप किया था। वहीं इंटरमीडिएट में प्रयागराज की महक जायसवाल ने 97.20% अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया था। लड़कियों का प्रदर्शन एक बार फिर बेहतर रहा था और उनका पासिंग प्रतिशत लड़कों से करीब 10% अधिक दर्ज किया गया था। जिलों के प्रदर्शन में आगरा, बस्ती और मथुरा शीर्ष पर रहे थे, जबकि सोनभद्र का परिणाम सबसे कमजोर रहा था।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *