वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपे जाने पर शुभकामनाएं दी हैं। शनिवार को वाराणसी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में अजय राय ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का निर्णय उन्हें स्वीकार है। उन्होंने कहा कि संगठन में पद स्थायी नहीं होते, लेकिन कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ाव और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता बनी रहनी चाहिए।

अजय राय ने राहुल गांधी के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए कहा कि वह जीवनभर उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी तय की है, उसे सभी कार्यकर्ताओं को स्वीकार करते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए।
कार्यकर्ताओं का भरोसा बनाए रखने पर जोर
अजय राय ने कहा कि उनके प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए कार्यकर्ताओं के बीच यह विश्वास बना था कि किसी भी तरह के अन्याय या उत्पीड़न की स्थिति में प्रदेश संगठन उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आराधना मिश्रा के कार्यकाल में भी कार्यकर्ताओं का यह भरोसा कायम रहेगा।

उन्होंने नई प्रदेश अध्यक्ष से अपील की कि वह कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनके हितों को प्राथमिकता दें। अजय राय के मुताबिक, संगठन तभी मजबूत होगा जब कार्यकर्ताओं को यह भरोसा हो कि मुश्किल समय में पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आराधना मिश्रा को अपने सहयोग और स्नेह का भरोसा भी दिलाया।
राहुल गांधी से बातचीत का किया जिक्र
अजय राय ने बताया कि राहुल गांधी से उनकी बातचीत हुई है। उनके अनुसार, बातचीत में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।
उन्होंने राहुल गांधी के साथ सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रति भी आभार जताया। अजय राय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी नाराजगी दूर रखकर एकजुटता के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एक परिवार की तरह हैं और संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
बोले- सम्मान से कोई समझौता नहीं किया
अजय राय ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सम्मान के साथ कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें राजनीतिक रूप से प्रभावित या खरीदने की कोशिशें सफल नहीं हो सकतीं।
इमरान मसूद को लेकर भाजपा की ओर से की गई टिप्पणी के सवाल पर अजय राय ने कहा कि इमरान मसूद की सामान्य वर्ग में भी राजनीतिक पकड़ है और उनका अपना मजबूत जनाधार है। उन्होंने इस मामले में भाजपा के रुख पर सवाल उठाया।
वाराणसी से मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का भी जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने के संदर्भ में अजय राय ने कहा कि पार्टी भविष्य में उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वह पूरी ताकत के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और काशी की जनता के सहयोग से संगठन को मजबूत करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। अजय राय ने कहा कि पार्टी के भीतर जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन कांग्रेस को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता बनी रहनी चाहिए।
