वाराणसी (रणभेरी): शारदीय नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। वाराणसी परिक्षेत्र से 65 अतिरिक्त पूजा स्पेशल बसें चलाने की तैयारी की गई है। इन बसों के संचालन से दर्शन के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
परिवहन निगम के मुताबिक, सामान्य दिनों में वाराणसी से विंध्याचल मार्ग पर 21 बसें संचालित होती हैं। नवरात्र के दौरान अतिरिक्त बसें शामिल होने से इनकी कुल संख्या बढ़कर 86 हो जाएगी। विशेष बसों का संचालन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक यात्रियों की जरूरत और उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा।
आठ डिपो से होगा बसों का संचालन
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाराणसी परिक्षेत्र के विभिन्न डिपो से अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें जौनपुर डिपो से 20, कैंट डिपो से 10, काशी डिपो से 10, चंदौली से 8, गाजीपुर से 2, सोनभद्र से 10 और विंध्यनगर से 5 बसें शामिल हैं। इसके अलावा ग्रामीण डिपो की पहले से चल रही 12 बसें भी यात्रियों को सेवा देती रहेंगी।
आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को भी सुविधा
बसों की संख्या बढ़ाए जाने से वाराणसी के साथ जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र और आसपास के इलाकों से विंध्याचल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है। नवरात्र में मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। ऐसे में अतिरिक्त बसों की व्यवस्था से यात्रियों को आवागमन के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के अनुसार, नवरात्र के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार बसों के संचालन को व्यवस्थित किया जाएगा।
बस सेवा की जानकारी के लिए हेल्पडेस्क नंबर जारी
परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पडेस्क नंबर 8726005897 जारी किया है। यात्री बस सेवा और संचालन से संबंधित जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। नवरात्र के दौरान यात्रियों की सुविधा और बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए निगम की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।
