आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत, आग लगने से डंपर चालक-क्लीनर की मौत

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत, आग लगने से डंपर चालक-क्लीनर की मौत

(रणभेरी): आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जिंदा जलने से मौत हो गई। खंदौली थाना क्षेत्र में गिट्टी से लदे डंपर की सामने से आ रहे फ्रोजन मटर के कंटेनर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में कंटेनर चालक और बाइक सवार दो युवक भी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा सुबह करीब 5:45 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों को तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर में दोनों वाहनों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और इलाके में धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

सीट पर ही फंस गए चालक और क्लीनर

आग की चपेट में आने से डंपर चालक और क्लीनर वाहन के अंदर ही फंस गए। आग बुझने के बाद दोनों के शव बुरी तरह झुलसी हालत में सीट के पास मिले। मृतकों की पहचान धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के कोड़राका निवासी आकाश (25) और करुआ (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत, आग लगने से डंपर चालक-क्लीनर की मौत

पीछे से आ रही बाइक भी डंपर से टकराई

पुलिस के अनुसार डंपर अलीगढ़ की ओर से आगरा जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी भिड़ंत हो गई। डंपर के पीछे बाइक से आ रहे सुमित सिंह और सीटू भी हादसे की चपेट में आ गए। दोनों युवकों ने किसी तरह बाइक संभाली और सड़क किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। घायलों की पहचान नगला जालिम, खंदौली निवासी सुमित सिंह पुत्र प्रीतम सिंह और सीटू पुत्र दिवान सिंह के रूप में हुई है। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत, आग लगने से डंपर चालक-क्लीनर की मौत
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दो वाहनों में जोरदार भिड़ंत, आग लगने से डंपर चालक-क्लीनर की मौत

कंटेनर चालक ने कूदकर बचाई जान

फतेहाबाद के मुबारकपुर निवासी कंटेनर चालक शिवराम के मुताबिक वह चंदौसी से गुजरात जा रहा था। उसके अनुसार अचानक डंपर सामने आने पर उसने ब्रेक लगाने के साथ वाहन को दूसरी तरफ मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों वाहन टकरा गए। टक्कर के बाद कंटेनर में भी आग फैलने लगी। शिवराम ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हादसे में उसके पैर और सिर में चोट आई है।

झपकी को हादसे की वजह मान रही पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच में डंपर चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। घायल सुमित ने बताया कि वह सीटू के साथ बाइक से सादाबाद मंडी गया था। वापस लौटते समय दोनों डंपर के पीछे चल रहे थे। अचानक डंपर के ब्रेक लगाने से बाइक उससे जा भिड़ी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

करीब पांच किलोमीटर तक लगा जाम

हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब पांच किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया। इंस्पेक्टर उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। डंपर मालिक से संपर्क कर मृतकों के परिवार को सूचना दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *