काशी में 7 अक्टूबर को नितिन नवीन की पहली जनसभा, सीएम योगी और हिमंता बिस्वा सरमा भी करेंगे संबोधित

काशी में 7 अक्टूबर को नितिन नवीन की पहली जनसभा, सीएम योगी और हिमंता बिस्वा सरमा भी करेंगे संबोधित

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के वडनगर से निकाली गई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ सात अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेगी। यात्रा में करीब 500 बाइक सवार शामिल हैं। काशी पहुंचने पर नमो घाट पर यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए भाजपा की जनसभा में शामिल होंगे।

यात्रा की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से हुई थी। वाराणसी पहुंचने के बाद बाइक यात्री नमो घाट स्थित नमो बुक फेस्टिवल का भ्रमण करेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यों पर आधारित 450 से अधिक पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

इसके बाद सभी यात्री नमो घाट से क्रूज के माध्यम से ललिता घाट जाएंगे। वहां से बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। धार्मिक कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित भाजपा की जनसभा में पहुंचेंगे।

नितिन नवीन की पहली काशी जनसभा

जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में होने वाली यह सभा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की वाराणसी में पहली बड़ी जनसभा होगी। पार्टी की ओर से इसमें लगभग 50 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भी संबोधन का कार्यक्रम है।

संगठन स्तर पर बढ़ाई गई सक्रियता

सभा और बाइक यात्रा के कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने जिला, महानगर, मंडल, मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों के स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को सर्किट हाउस में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने तैयारियों की समीक्षा की।

राज्यमंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि वडनगर से आने वाले करीब 500 बाइक यात्रियों के स्वागत और उनके काशी प्रवास को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं को दी गई जिम्मेदारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के मुताबिक जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठकें बृहस्पतिवार को होंगी। इसके बाद दो, तीन और चार अक्टूबर को मोर्चों, प्रकोष्ठों, विभागों और मंडलों की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

सभा स्थल का लिया जायजा

भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने बुधवार को जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच निर्माण, ध्वनि व्यवस्था, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बैठने की व्यवस्था तथा आने-जाने के मार्गों को लेकर अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से जानकारी ली गई। पार्टी की कोशिश है कि बाइक यात्रा और जनसभा से जुड़े सभी कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार संपन्न हों।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *