टोटो चलाकर सपा कार्यकर्ता ने उपमुख्यमंत्री की सलाह पर उठाए सवाल

टोटो चलाकर सपा कार्यकर्ता ने उपमुख्यमंत्री की सलाह पर उठाए सवाल

चार घंटे में महज 45 रुपये की सवारी, अमन यादव बोले- इतना ही लाभदायक है तो उपमुख्यमंत्री खुद एक दिन चलाकर देखें

वाराणसी (रणभेरी): प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की ओर से युवाओं को नौकरी के बजाय ई-रिक्शा या टैक्सी चलाने की सलाह दिए जाने के बाद सपा कार्यकर्ता अमन यादव ने मंगलवार को टोटो चलाकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने टोटो चलाने के दौरान होने वाली कमाई और चालकों के सामने आने वाली व्यवहारिक दिक्कतों को सामने रखते हुए उपमुख्यमंत्री को एक दिन टोटो चलाने की चुनौती दी।

अमन यादव के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह करीब सात बजे टोटो लेकर सड़क पर निकले। करीब चार घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर टोटो चलाने के बाद सुबह 11 बजे तक उन्हें महज 45 रुपये की सवारी मिली। उनका कहना है कि कैंट क्षेत्र में टोटो संचालन के दौरान अलग-अलग रूट और प्रतिबंधों की जानकारी सामने आई, जिससे चालकों के लिए परेशानी बढ़ती है।

अमन यादव ने कहा कि एक ओर युवाओं से टोटो चलाकर कमाई करने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरी ओर टोटो चालकों को सीमित रूट, ट्रैफिक जाम, खराब सड़क, गड्ढे और संचालन से जुड़े विभिन्न नियमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कागज पर बताई जाने वाली कमाई और सड़क पर चालक की वास्तविक आय में अंतर साफ दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि यदि टोटो चलाना इतना आसान और लाभदायक है तो उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक स्वयं एक दिन सुबह सात बजे से शाम तक टोटो चलाकर देखें। इससे उन्हें चालकों की रोजमर्रा की कठिनाइयों और वास्तविक कमाई का अनुभव होगा। सपा कार्यकर्ता ने सरकार से मांग की कि युवाओं को टोटो चलाने की सलाह देने के बजाय उनकी शिक्षा और योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही टोटो चालकों के रूट, परमिशन और संचालन से जुड़े नियमों को स्पष्ट और व्यावहारिक बनाया जाए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *