सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक मार्च, बैरिकेडिंग के बावजूद पहुंचे कार्यकर्ता

वाराणसी (रणभेरी): मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन और पैदल मार्च किया। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और विरोध संबंधी तख्तियां लेकर पार्क में जुटे। यहां चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया। पुलिस ने कचहरी की ओर बैरिकेडिंग कर मार्च रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ते हुए कलेक्ट्रेट तक पहुंच गए।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने की मांग की। कांग्रेस ने जिन चुनावों को लेकर आपत्तियां जताई हैं, उन्हें निरस्त करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई।

कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला और महानगर कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क पहुंचे थे। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिस पर राजनीतिक दलों और मतदाताओं का भरोसा कायम रहे। उन्होंने चुनाव से जुड़े आरोपों और शिकायतों की निष्पक्ष, स्वतंत्र और तथ्यात्मक जांच की मांग की। जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों, मतदाता की स्वतंत्रता और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवाल जनता के सामने रख रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए महाराष्ट्र, हरियाणा और अन्य चुनावों से जुड़े सवालों का भी हवाला दिया। साथ ही 23 सितंबर की एक अखबार रिपोर्ट का उल्लेख किया, जिसमें चुनाव आयुक्तों की ओर से आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर औपचारिक आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात कही गई थी। वहीं, चुनाव आयोग ने रिपोर्ट पर कहा था कि अलग-अलग मत संस्थागत विचार-विमर्श का हिस्सा हैं और पिछले एक साल में आयोग के फैसले पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत फैसले रहे हैं। प्रदर्शन में फसाहत हुसैन, चंचल शर्मा, संजीव सिंह, रोहित दुबे समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *