वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए शनिवार, 26 सितंबर को वाराणसी के सभी स्कूलों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से 25 सितंबर को जारी आदेश में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जारी निर्देश के अनुसार यह व्यवस्था परिषद के विद्यालयों के अलावा राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर भी लागू होगी। इसके साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों को भी आदेश का पालन करना होगा।
बारिश को देखते हुए लिया गया निर्णय
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि जिले में लगातार बारिश की स्थिति और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में शनिवार को पढ़ाई नहीं कराई जाएगी। बारिश के कारण जलभराव, आवागमन में परेशानी और विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
विद्यार्थियों की छुट्टी, शिक्षकों की उपस्थिति रहेगी
अवकाश विद्यार्थियों के लिए घोषित किया गया है। परिषद के विद्यालयों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारियों को विद्यालय पहुंचना होगा। उन्हें स्कूल में उपस्थित रहकर विभागीय एवं अन्य आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी विद्यालयों को आदेश का पालन करने के निर्देश
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को भी आदेश की जानकारी भेजी गई है।
रविवार के कारण लगातार दो दिन नहीं जाना होगा स्कूल
26 सितंबर को शनिवार होने के साथ बारिश के कारण स्कूल बंद रहेंगे। इसके अगले दिन 27 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। ऐसे में वाराणसी के विद्यार्थियों को लगातार दो दिन विद्यालय नहीं जाना पड़ेगा।
