ज्ञानवापी में महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, मां-बेटी पर केस: चेकिंग के दौरान हुआ विवाद; बाल खींचने और आईडी कार्ड तोड़कर ले जाने का आरोप

ज्ञानवापी में महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, मां-बेटी पर केस: चेकिंग के दौरान हुआ विवाद; बाल खींचने और आईडी कार्ड तोड़कर ले जाने का आरोप

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ दर्शन करने आई मां-बेटी द्वारा गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों महिलाओं ने महिला आरक्षी के साथ हाथापाई की और उसका आईडी कार्ड भी तोड़ दिया। इसके बाद एक महिला कथित तौर पर आईडी कार्ड लेकर वहां से चली गई।

मामले में महिला आरक्षी ने चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चेकिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, महिला आरक्षी चांदनी आमदा थाना चौक में तैनात हैं और वर्तमान में ज्ञानवापी सुरक्षा ड्यूटी में लगी हैं। रविवार 20 सितंबर को उनकी ड्यूटी सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक पश्चिमी डी गेट पर थी।

दोपहर करीब 12:45 बजे दो महिलाएं दर्शन के लिए पहुंचीं। चेकिंग के दौरान उनके पास मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने की बात सामने आई। सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को सामान जमा करने के बाद आगे जाने के लिए कहा।

कुछ देर बाद दोनों महिलाएं दोबारा दर्शन के लिए पहुंचीं। उस समय महिला आरक्षी रीना उनकी चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान बेटी की किसी बात को लेकर रीना से कहासुनी हो गई। आरोप है कि मां-बेटी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंची आरक्षी से भी हाथापाई

शोर सुनकर महिला आरक्षी चांदनी मौके पर पहुंचीं और दोनों महिलाओं को दर्शन करने तथा विवाद या बहस नहीं करने की बात कही। तहरीर के अनुसार, इसके बाद दोनों महिलाएं आरक्षी रीना की ओर दौड़ीं।

चांदनी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों महिलाओं ने उनका हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान बेटी ने महिला आरक्षी के आईडी कार्ड का पट्टा खींच दिया, जिससे कार्ड टूट गया। आरोप है कि इसके बाद महिला आईडी कार्ड लेकर वहां से जाने लगी।

बाद में महिला आरक्षी ने अपना आईडी कार्ड बरामद कर लिया। घटना के बाद उन्होंने चौक थाने में तहरीर देकर दोनों महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया था। दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला आरक्षी से भी पूरी जानकारी लेकर मामले की जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *