(रणभेरी): सिद्धार्थनगर में शादी के कुछ घंटे बाद ही नवविवाहित दंपती की मौत से सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह घर के एक कमरे से दुल्हन का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि दूल्हे का शव फंदे से लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच रात में किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी घटना के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, जनियाजोत गांव निवासी देशराज चौहान (24) की शादी कड़जहवा गांव की रहने वाली अनीता चौहान (22) से सोमवार को हुई थी। दोनों ने बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में विवाह की रस्में पूरी की थीं। इसके बाद शाम को परिवार की ओर से बहुभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम देर रात तक चला और नवदंपती ने भी समारोह में हिस्सा लिया।
सुबह कमरे का दरवाजा खुला तो सामने आया खौफनाक मंजर
परिवार के अनुसार, रात करीब 11 बजे देशराज और अनीता अपने कमरे में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे जब अनीता काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई तो परिवार की एक महिला सदस्य उसे जगाने पहुंची। आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
दरवाजा खुलने पर कमरे के अंदर दोनों के शव देखकर महिला चीख पड़ी। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि देशराज का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि अनीता फर्श पर पड़ी मिली। परिजनों ने देशराज के शव को नीचे उतारा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मई 2027 में तय थी शादी, अचानक बदला फैसला
परिजनों के मुताबिक, देशराज और अनीता की शादी पहले मई 2027 में तय की गई थी। करीब तीन महीने पहले दोनों परिवारों ने रिश्ता तय किया था और जुलाई में सगाई भी हुई थी।
देशराज काम के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ था, जहां वह पानीपुरी की दुकान पर काम करता था। इस दौरान दोनों की फोन पर बातचीत होती रही। करीब 15 दिन पहले देशराज दिल्ली से वापस गांव आया। इसी बीच अनीता भी उसके घर पहुंच गई। इसके बाद दोनों परिवारों ने पहले से तय तारीख का इंतजार किए बिना शादी करने का निर्णय लिया।
शादी के कुछ घंटे बाद ही दोनों की मौत
सोमवार दोपहर करीब दो बजे मंदिर में दोनों ने विवाह किया। शादी के बाद देशराज पत्नी को लेकर घर पहुंचा। शाम को रिश्तेदारों और आसपास के लोगों के लिए बहुभोज रखा गया था। रात में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में चले गए और नवदंपती भी सोने के लिए कमरे में चले गए। सुबह दोनों के शव मिलने के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी मौत की वजह
क्षेत्राधिकारी शिवेंदु सिंह ने बताया कि नवविवाहित पति-पत्नी के शव उनके कमरे से मिले हैं। घटना को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देशराज के पिता मुकेश चौहान दिल्ली में सब्जी बेचने का काम करते हैं। परिवार में मां ममता के अलावा छोटा भाई अरुण और छोटी बहन कुच्ची हैं। वहीं अनीता के पिता पंचराम खेती-किसानी करते हैं। दोनों परिवारों के गांवों के बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी बताई गई है।
