वाराणसी में दंगल: कल्लू पहलवान ने 54 किलो की गदा 36 बार फेरी, तोड़ा पिछले साल का रिकॉर्ड

वाराणसी में दंगल: कल्लू पहलवान ने 54 किलो की गदा 36 बार फेरी, तोड़ा पिछले साल का रिकॉर्ड

वाराणसी (रणभेरी): ईश्वरगंगी वार्ड स्थित पिपलानी कटरा के पास भोलेनाथ मंदिर परिसर में रविवार रात गदा-जोड़ी दंगल का आयोजन हुआ। औघड़नाथ तकिया के माता भुवनेश्वरी देवी अखाड़ा समिति की ओर से आयोजित दंगल में वाराणसी के अलावा मिर्जापुर, चंदौली और गाजीपुर से पहुंचे पहलवानों ने दमखम दिखाया। देर रात तक चले मुकाबले में पहलवानों ने गदा और जोड़ी फेरकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में 54 किलो की गदा और 42-42 किलो की दो गदाएं फेरने की चुनौती रखी गई थी। काशी के विभिन्न अखाड़ों के पहलवानों के साथ आसपास के जिलों से आए पहलवानों ने भी मुकाबले में हिस्सा लिया।

वाराणसी में दंगल: कल्लू पहलवान ने 54 किलो की गदा 36 बार फेरी, तोड़ा पिछले साल का रिकॉर्ड

कल्लू ने 36 बार फेरी 54 किलो की गदा

औघड़नाथ तकिया अखाड़े के कल्लू पहलवान ने 54 किलो की गदा को लगातार 36 बार फेरकर पहला स्थान हासिल किया। आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष 54 किलो की गदा फेरने का रिकॉर्ड 29 बार का था। कल्लू ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बनाया।

वहीं, अखाड़ा रघुनाथ के लाले पहलवान ने 42-42 किलो की दो गदाओं को एक साथ 11 बार फेरा और प्रथम स्थान हासिल किया। आयोजन समिति के मुताबिक, पिछले साल जोड़ी फेरने का रिकॉर्ड 10 बार था। लाले ने एक बार अधिक गदा फेरकर नया रिकॉर्ड कायम किया।

सैकड़ों दर्शकों ने बढ़ाया पहलवानों का उत्साह

दंगल देखने के लिए मंदिर परिसर में सैकड़ों की संख्या में दर्शक जुटे। देर रात तक चले मुकाबलों के दौरान दर्शक पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। आयोजन समिति के पप्पू यादव ने बताया कि इस वर्ष गदा और जोड़ी फेरने, दोनों में पिछले साल के रिकॉर्ड टूटे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *