कपसेठी के हरिभानपुर गांव में शौच के लिए निकली थी महिला, पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरी
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी मे कपसेठी थाना क्षेत्र के हरिभानपुर गांव में तालाब में डूबने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सोमवार को मंजू देवी पत्नी करिया शौच के लिए घर से निकली थीं। तालाब के पास अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरीं। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने महिला को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मंजू देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

बताया गया कि मंजू देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। उनके पति और बेटा बाहर रहते हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
