प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे युवक पर चाकू से हमले का आरोप: पिंडरा में जनसंपर्क के दौरान दो युवकों ने घेरा, मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी

प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे युवक पर चाकू से हमले का आरोप: पिंडरा में जनसंपर्क के दौरान दो युवकों ने घेरा, मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी

वाराणसी (रणभेरी): फूलपुर थाना क्षेत्र के करिखियांव (धनवरी) गांव में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही दो युवकों पर गाली-गलौज और मारपीट करने के साथ चाकू से हमला कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मामले में फूलपुर थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

धनवरी निवासी धीरज पटेल के मुताबिक, वह सोमवार को गांव में लोगों से जनसंपर्क कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के भोला राजभर और राजू राजभर ने उन्हें अकेला देखकर रास्ते में घेर लिया। दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथापाई की।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकाल लिया और जान से मारने की कोशिश की। मारपीट में धीरज की आंख, सीने और पेट में चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए।

धीरज ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि दोनों युवक पहले भी उसके साथ विवाद कर चुके हैं। उसे आशंका है कि आरोपी भविष्य में भी उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं। पीड़ित ने पुलिस से मेडिकल जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *