वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर निवासी विनीत यादव उर्फ धर्मेंद्र की ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार रात घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों ने मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने शुरुआत में दुर्घटना में घायल होने की बात बताते हुए विनीत को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया था। इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद गुरुवार रात परिजनों ने कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पहले मारपीट की धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा के अनुसार, शिकायत के आधार पर फिलहाल मारपीट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
दो संदिग्ध हिरासत में
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विनीत किन परिस्थितियों में घायल हुआ और घटना के समय वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
