गड्ढे में उतरकर युवक ने किया प्रदर्शन, रस्सी से पकड़े रहे लोग: सूजाबाद में 2 महीने से खुला पड़ा 18 फीट गहरा गड्ढा; 7 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

गड्ढे में उतरकर युवक ने किया प्रदर्शन, रस्सी से पकड़े रहे लोग: सूजाबाद में 2 महीने से खुला पड़ा 18 फीट गहरा गड्ढा; 7 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

बारिश और पाइपलाइन लीकेज से गड्ढे में भरा पानी, स्थानीय लोगों ने जलकल पर लगाया लापरवाही का आरोप; स्कूल बसों के गुजरने से हादसे का खतरा

वाराणसी (रणभेरी): नगर निगम के सूजाबाद वार्ड में सड़क किनारे लंबे समय से खुले पड़े गहरे गड्ढे को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा सामने आया। समस्या के विरोध में पंकज कुमार यादव नामक युवक गड्ढे के अंदर उतर गया और वहीं बैठकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षा के लिए बाहर खड़े लोगों ने रस्सी के सहारे उसे पकड़े रखा। स्थानीय लोगों ने भी गड्ढे के आसपास बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया और जल्द से जल्द इसे बंद कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जलकल विभाग की ओर से सीवर लाइन का काम कराने के लिए सड़क पर गहरी खुदाई की गई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद गड्ढे को व्यवस्थित तरीके से नहीं भरा गया। बारिश का पानी और पाइपलाइन से हो रहा रिसाव गड्ढे में जमा होने के कारण अब यह जगह दुर्घटना के लिहाज से बेहद खतरनाक बन गई है।

गड्ढे में उतरकर युवक ने किया प्रदर्शन, रस्सी से पकड़े रहे लोग: सूजाबाद में 2 महीने से खुला पड़ा 18 फीट गहरा गड्ढा; 7 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

मुख्य मार्ग होने से बढ़ा खतरा

स्थानीय निवासी पंकज कुमार यादव के अनुसार, यह मार्ग पड़ाव चौराहे से सूजाबाद वार्ड को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। कई स्कूल बसें भी बच्चों को लेने और छोड़ने के लिए इसी मार्ग से गुजरती हैं। ऐसे में सड़क किनारे मौजूद गहरा और पानी से भरा गड्ढा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

पंकज का कहना है कि गड्ढे की गहराई करीब 18 फीट तक है। उनके मुताबिक, लगभग दो महीने पहले गहरी सीवर लाइन डालने के लिए यहां खुदाई की गई थी। काम के बाद गड्ढे को बंद नहीं किए जाने से लगातार स्थिति खराब होती चली गई। बारिश के दौरान इसमें पानी भर गया, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

पाइपलाइन में लीकेज का भी आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गड्ढे के भीतर से गुजर रही जल निगम की पाइपलाइन को लेकर भी शिकायत की। पंकज कुमार यादव का आरोप है कि खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइप में रिसाव होने के कारण पानी गड्ढे में जमा हो रहा है।

गड्ढे में उतरकर युवक ने किया प्रदर्शन, रस्सी से पकड़े रहे लोग: सूजाबाद में 2 महीने से खुला पड़ा 18 फीट गहरा गड्ढा; 7 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

स्थानीय लोगों का दावा है कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण दूषित पानी की समस्या भी सामने आ रही है। उनका आरोप है कि आसपास के कई घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पहले पाइपलाइन की जांच कर रिसाव को ठीक किया जाए और उसके बाद गड्ढे को सुरक्षित तरीके से पाटा जाए।

सात दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पंकज कुमार यादव ने कहा कि उनकी मांग किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराएं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर गड्ढे को बंद करने, पाइपलाइन के रिसाव को ठीक करने और दूषित पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बसों और आम राहगीरों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर खुले गड्ढे को लेकर विभाग को किसी हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *