वाराणसी (रणभेरी): पूर्वांचल के उभरते गायकों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच मिलने जा रहा है। ॐ शिवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित सिंगिंग कॉम्पिटिशन का फाइनल 31 अक्टूबर को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें फिल्म धुरंधर के गाने ‘कारवां’ से चर्चा में आए बीकानेर के गायक शहजाद अली जज की भूमिका निभाएंगे। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
ॐ शिवा फाउंडेशन के अध्यक्ष ने बताया कि वाराणसी और पूर्वांचल के उभरते कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिंगिंग कॉम्पिटिशन की रूपरेखा तैयार की गई थी। प्रतियोगिता कई चरणों से गुजरने के बाद अब फाइनल दौर में पहुंच गई है। 31 अक्टूबर को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले फाइनल में प्रतिभागी अपनी गायकी का हुनर दिखाएंगे।
गायकी के आधार पर होगा प्रतिभाओं का चयन
फाउंडेशन के अध्यक्ष के मुताबिक, फाइनल में शहजाद अली प्रतिभागियों की गायकी को परखेंगे। उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर उभरते गायकों का चयन किया जाएगा। इसके बाद चयनित कलाकारों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा आगे बढ़ने का मौका
आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य वाराणसी और आसपास के जिलों के प्रतिभाशाली गायकों को पहचान दिलाना और उन्हें संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर देना है। प्रतियोगिता के फाइनल को लेकर कलाकारों और आयोजकों में उत्साह है। वाराणसी में इससे पहले सारेगामापा लिटिल चैंप के ऑडिशन भी आयोजित हो चुके हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।
