वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के हुकुलगंज क्षेत्र में बीते दिनों आई तेज आंधी एक दर्दनाक हादसे की वजह बन गई। बाउंड्री वॉल गिरने से घायल हुए छह लोगों में से 68 वर्षीय स्थानीय निवासी सूफी खान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद उन्हें हुकुलगंज तिराहे के पास बड़ी मस्जिद के सामने स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। घटना में घायल अन्य चार लोगों का इलाज अभी जारी है।
दुकान पर गिरी दीवार, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, हुकुलगंज तिराहे पर स्थित एक मकान की दीवार तेज हवा के दौरान पास की “बाबा इलेक्ट्रिक” नामक दुकान पर गिर गई। उस समय दुकान के अंदर छह लोग मौजूद थे, जो समर्सिबल मोटर और बोरिंग का काम करते हैं। हादसे में सभी मलबे में दब गए, जिनमें से सूफी खान की मौत हो गई। बाकी घायलों में चार का इलाज ट्रामा सेंटर और एक का कबीरचौरा अस्पताल में चल रहा है।

काम के दौरान हुआ हादसा
घायल अमित कुमार ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से दुकान में काम कर रहे हैं। घटना के समय पवन और अमन मोटर ठीक कर रहे थे, जबकि अन्य साथी पास में ही मौजूद थे। अचानक तेज आवाज के साथ दीवार गिर गई और चारों ओर धूल भर गई। मलबे में दबे अमित किसी तरह खुद को बाहर निकालकर पास की साइकिल दुकान तक पहुंचे, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया।
सिर में टांके, कमर में चोट
अमित के सिर में गंभीर चोट आई है और 12 टांके लगाए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है, लेकिन कुछ दिनों तक आराम की सलाह दी गई जिस भवन की दीवार गिरी, वह पहले से ही विकास प्राधिकरण द्वारा सील किया जा चुका था। आरोप है कि सीलिंग के बावजूद वहां चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी था।
दोबारा नोटिस और कार्रवाई
विकास प्राधिकरण ने बताया कि स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण किए जाने पर पहले भी कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रहा। अब संबंधित निर्माणकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सील के बाद भी यदि कहीं निर्माण कार्य जारी पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
