घाटों की पवित्रता और सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान तेज
वाराणसी (रणभेरी) : शहर के धार्मिक घाटों की गरिमा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात बड़ी कार्रवाई की गई। भेलूपुर थाना क्षेत्र के चेतसिंह घाट पर पुलिस ने शराब पीते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। घाट क्षेत्र में नशा करने पर प्रतिबंध होने के बावजूद नियमों का उल्लंघन किए जाने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
जानकारी के अनुसार अस्सी चौकी इंचार्ज नवीन कुमार चतुर्वेदी अपनी टीम के साथ नियमित गश्त और सुरक्षा निरीक्षण पर थे। इसी दौरान चेतसिंह घाट पर दो युवक खुलेआम शराब का सेवन करते दिखाई दिए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लेकर चौकी भेजा और पूछताछ शुरू की।

पकड़े गए युवकों की पहचान बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया निवासी विवेक राज और जम्मू-कश्मीर के डोडा निवासी अमित सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

अस्सी चौकी इंचार्ज ने बताया कि घाटों की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर घाट क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घाटों पर अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें। कार्रवाई के बाद घाट क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की सख्ती की सराहना भी की।
