महामृत्युंजय मंदिर के आसपास टोटो का कब्जा, अवैध वसूली के आरोप से स्थानीय लोगों में आक्रोश

महामृत्युंजय मंदिर के आसपास टोटो का कब्जा, अवैध वसूली के आरोप से स्थानीय लोगों में आक्रोश

संकरी गलियों में ई-रिक्शा की भीड़ से आवागमन प्रभावित, प्रति टोटो 300 रुपये वसूली का आरोप; 500 मीटर के दायरे में प्रतिबंध लगाने की मांग

वाराणसी (रणभेरी): कोतवाली थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा (टोटो) के अनियंत्रित संचालन से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और महामृत्युंजय मंदिर के आसपास की संकरी गलियों में टोटो की बढ़ती संख्या के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

महामृत्युंजय मंदिर के आसपास टोटो का कब्जा, अवैध वसूली के आरोप से स्थानीय लोगों में आक्रोश

स्थानीय निवासी संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में टोटो संचालन के नाम पर अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। गलियों में जगह-जगह ई-रिक्शा खड़े रहने से पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने पुलिस और टोटो चालकों के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए दावा किया कि प्रति टोटो 300 रुपये की वसूली की जाती है। आरोप है कि इसके बदले चालकों को दिनभर गलियों में वाहन खड़ा करने और संचालन करने की छूट मिलती है। हालांकि, इस कथित वसूली और मिलीभगत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

महामृत्युंजय मंदिर के आसपास टोटो का कब्जा, अवैध वसूली के आरोप से स्थानीय लोगों में आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि टोटो की बेतरतीब आवाजाही के कारण गलियों में जाम लग जाता है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोगों को अपने घरों से निकलने और पैदल आवागमन करने में भी परेशानी होती है। इसका असर मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं पर भी पड़ रहा है।

इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और कोतवाली पुलिस से हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों ने कथित अवैध वसूली की जांच कर कार्रवाई करने के साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और महामृत्युंजय मंदिर के आसपास 500 मीटर के दायरे में ई-रिक्शा के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाए, ताकि क्षेत्र को जाम और अव्यवस्थित यातायात से राहत मिल सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *