बेटी जन्म लेने के बाद पति ने रचाई दूसरी शादी, सोशल मीडिया से खुला राज

बेटी जन्म लेने के बाद पति ने रचाई दूसरी शादी, सोशल मीडिया से खुला राज

(रणभेरी): चकेरी क्षेत्र की एक शिक्षित महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि बेटी के जन्म के बाद उसके पति ने चुपचाप दूसरी शादी कर ली। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पति की तस्वीरें देखने के बाद हुई।

पीड़िता, जो पीएचडी उपाधि धारक है, ने बताया कि उसका निकाह वर्ष 2022 में संभल निवासी युवक से हुआ था। रिश्ता एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए तय हुआ था। महिला के पिता सेना से रिटायर्ड बताए जाते हैं। आरोप है कि शादी से पहले ससुराल पक्ष ने नकदी और महंगे गहनों की मांग की थी। परिवार ने रिश्ता टूटने के डर से कर्ज लेकर मांग पूरी की।

बेटी जन्म लेने के बाद पति ने रचाई दूसरी शादी, सोशल मीडिया से खुला राज

महिला के अनुसार, शादी के बाद उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उसने आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर दो बार उसे ऐसी दवाएं दी गईं, जिससे गर्भपात हो गया। दूसरी बार तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर इलाज कराया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घर में रहने वाले उसके ननदोई ने कई बार अभद्र व्यवहार किया और एक बार कमरे में घुसकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। जब उसने यह बात पति को बताई तो उल्टा उसे ही मारपीट और अपमान का सामना करना पड़ा।

महिला का कहना है कि ससुराल के माहौल से परेशान होकर वह गर्भावस्था के दौरान मायके आ गई थी। इसी दौरान उसने एक बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी होने की खबर सुनने के बाद पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार और बदल गया।

कुछ समय बाद महिला ने सोशल मीडिया पर पति की तस्वीरें दूसरी युवती के साथ देखीं। तस्वीरों में युवती को पत्नी बताया गया था। पूछताछ करने पर पति ने दूसरी शादी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की।

पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्षों को बातचीत और जांच के लिए दोबारा बुलाया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *