सावन के पहले सोमवार पर वाराणसी में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, 60 घंटे तक कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

सावन के पहले सोमवार पर वाराणसी में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू, 60 घंटे तक कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

वाराणसी (रणभेरी): सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस के ट्रैफिक विभाग ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। प्रशासन ने शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने के साथ कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और प्रतिबंध लागू किए हैं। यह व्यवस्था प्रत्येक सप्ताह सावन माह के दौरान प्रभावी रहेगी।

शनिवार रात से मंगलवार भोर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

यातायात अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात 8 बजे से मंगलवार भोर तक शहर में मालवाहक बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था पूरे सावन माह के प्रत्येक सप्ताह लागू होगी। हालांकि दूध, फल, सब्जी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।

सीमावर्ती जिलों से आने वाले बड़े वाहन रिंग रोड से गुजरेंगे

गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली, प्रयागराज तथा भदोही की ओर से आने वाले ट्रक, बस और अन्य बड़े वाहन वाराणसी शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। ऐसे सभी वाहनों को रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) के जरिए अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर छोटे वाहनों का संचालन भी इसी वैकल्पिक मार्ग से कराया जाएगा।

रोडवेज बसों के लिए विशेष रूट

प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली की दिशा से आने वाली रोडवेज बसें एनएच-19 से होकर रखौना ओवरब्रिज, रिंग रोड और हरहुआ के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगी। वापसी के समय भी यही मार्ग निर्धारित रहेगा।

वहीं गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर से आने वाली बसों को हरहुआ से गिलट बाजार, शिवपुर चुंगी, फुलवरिया, लहरतारा चौराहा होते हुए कैंट बस स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा।

हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

प्रयागराज की ओर से आने वाले छोटे यात्री वाहन कछवां रोड, राजातालाब, मोहनसराय बाईपास, अमरा, अखरी, चितईपुर, भिखारीपुर, बरेका गेट और ककरमत्ता ओवरब्रिज के नीचे से मंडुवाडीह स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। वापसी के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा शहर के भीतर कई प्रमुख मार्गों पर एकतरफा अथवा वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी, जिनमें प्रमुख रूप से-

गोलगड्डा तिराहा – चौकाघाट – लकड़ी मंडी – जगतगंज – लहुराबीर – कबीरचौरा – मैदागिन – विशेश्वरगंज मार्ग।
लहुराबीर – जयसिंह चौराहा – मलदहिया – साजन तिराहा – सिगरा – रथयात्रा – महमूरगंज – मंडुवाडीह – भिखारीपुर मार्ग।
लंका – नरिया – सुंदरपुर – भिखारीपुर – बरेका – मंडुवाडीह – लहरतारा – कैंट रेलवे स्टेशन मार्ग।
अंधरापुल – नंदेसर – मिंट हाउस – आंबेडकर चौराहा – जेपी मेहता – दैत्रावीर – भोजूबीर – गिलट बाजार मार्ग।
चौकाघाट – ताड़ीखाना – मकबूल आलम रोड – खजुरी तिराहा – पांडेयपुर मार्ग।
चांदपुर से मोहनसराय तक 60 घंटे सामान्य वाहनों पर रोक

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए चांदपुर चौराहे से मोहनसराय तक शनिवार रात 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक केवल कांवड़ियों के वाहनों को ही अनुमति रहेगी। इस दौरान किसी भी सामान्य वाहन का संचालन नहीं होगा।

सामान्य दिनों में केवल भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि अन्य वाहन चल सकेंगे। इसके अतिरिक्त गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय, मोढ़ैला तिराहा और चांदपुर चौराहे तक सड़क की बाईं लेन पूरे सावन माह में कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षित रखी जाएगी।

मैदागिन से गोदौलिया तक पूरे सावन वाहनों का प्रवेश बंद

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मैदागिन से गोदौलिया तक पूरे सावन माह किसी भी प्रकार के वाहन का संचालन नहीं होगा।

इसके अतिरिक्त शनिवार रात से सोमवार भोर तक निम्न मार्गों पर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा-

  • बेनिया से रामापुरा होते हुए खारी कुआं और जंगमबाड़ी तक।
  • गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक।
  • पीडीआर क्षेत्र से लक्सा और रामापुरा मार्ग तक।

इन क्षेत्रों में केवल आवश्यक सेवाओं अथवा प्रशासन द्वारा अधिकृत वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।

शहर में बनाए गए अस्थायी पार्किंग स्थल

श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की है। प्रमुख पार्किंग स्थलों में ट्रांसपोर्ट नगर, जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान, भास्कर पोखरा, एफसीआई गोदाम बरेका, मछोदरी पार्क, टाउनहाल पार्किंग, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने, क्वींस कॉलेज, राजकीय आईटीआई, काशी हिंदू विश्वविद्यालय क्षेत्र, चित्रकूट रामलीला मैदान, लकड़ी मंडी, भैसासुर घाट, भदऊ चुंगी के निकट रेलवे मैदान, नेशनल इंटर कॉलेज पीली कोठी, काशी रेलवे स्टेशन, लहरतारा एनईआर मैदान, काशी विद्यापीठ, बड़ी कटिंग मेमोरियल स्कूल, छोटी कटिंग मेमोरियल स्कूल, सेंट मेरीज स्कूल क्षेत्र, नरिया से हैदराबाद गेट मार्ग, बाबा कीनाराम आश्रम के सामने, सामने घाट के निकट, एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज मैदान, द्वारिकाधीश मंदिर शंकुलधारा, सीएचएस स्कूल कमच्छा, गोदौलिया एवं बेनिया पार्किंग, जयनारायण इंटर कॉलेज, हवेलिया क्षेत्र तथा परमपुर अंडरपास के आसपास के स्थान शामिल हैं।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित डायवर्जन और प्रतिबंधित मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन लेकर न जाएं तथा ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि सावन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और कांवड़ यात्रा सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *