वाराणसी में बारिश बनी आफत: दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत, कच्चा मकान ढहने से दंपती घायल; कई इलाकों में जलभराव

वाराणसी में बारिश बनी आफत: दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत, कच्चा मकान ढहने से दंपती घायल; कई इलाकों में जलभराव

वाराणसी (रणभेरी): सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक आफत बन गई। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। मंडुवाडीह क्षेत्र में पुराने मकान की दीवार गिरने से कमरे में सो रहे पति-पत्नी मलबे में दब गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। वहीं, लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन में कच्चा मकान ढहने से दंपती घायल हो गया। दोनों को मलबे से निकालकर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। कई प्रमुख रास्तों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर और लंका चौराहे पर भी जलभराव की स्थिति सामने आई है।

पुराने मकान की दीवार ढही, मलबे में दबे दंपती की मौत

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बाटा मोड़ इंडस्ट्रियल एरिया में बारिश के दौरान एक पुराने मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान के कमरे में रविंद्र कुमार और उनकी पत्नी प्रतिभा मौजूद थे। अचानक दीवार गिरने से दोनों मलबे में दब गए। आसपास के लोगों को हादसे की जानकारी होने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।मृतकों की पहचान रविंद्र कुमार और उनकी पत्नी प्रतिभा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वाराणसी में किराए के मकान में रह रहे थे। रविंद्र एक कंपनी में नौकरी करते थे। बताया गया कि हादसे के समय दोनों कमरे में लेटे हुए थे।

परिवार में दोनों ही थे, हादसे ने छीन ली जिंदगी

पुलिस के अनुसार, दंपती के पास से मिले संपर्क नंबरों के आधार पर उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बारिश के बीच पुराने मकान में हुए इस हादसे ने आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण मकान की हालत पहले से कमजोर थी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह और मकान की स्थिति को लेकर पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।

सीर गोवर्धन में कच्चा मकान गिरा, दंपती घायल

दूसरा हादसा लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन इलाके में हुआ। यहां बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान में मौजूद रामजी और निर्मला मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायल दंपती को तत्काल इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।हादसे में मकान में बंधी एक बकरी की मौत हो गई। वहीं, कुछ पालतू कुत्तों के भी मलबे में दबे होने की बात सामने आई है। पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।

बारिश ने बढ़ाई शहरवासियों की परेशानी

लगातार बारिश के कारण वाराणसी में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई सड़कों पर पानी भरने के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में पानी काफी अधिक जमा होने की बात सामने आई है। वहीं लंका चौराहे समेत आसपास के कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। जलभराव के कारण राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण पुराने और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए खतरा बढ़ गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

लगातार बारिश के बीच हुए हादसों को लेकर संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंडुवाडीह पुलिस ने मृत दंपती के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को सूचना दी गई है। वहीं, सीर गोवर्धन में घायल दंपती का उपचार कराया जा रहा है।

प्रशासन और पुलिस की ओर से बारिश के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। जर्जर मकानों और जलभराव वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। बारिश जारी रहने के कारण आने वाले घंटों में हालात पर नजर रखी जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *