वाराणसी (रणभेरी) : आगामी 25 और 26 अगस्त को मनाए जाने वाले जश्ने ईद मिलादुन्नबी (सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम) और बारावफात को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार, 20 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे मैदागिन स्थित प्रेस क्लब, पड़ारकर भवन में मरकज़ी यौमुन्नबी कमेटी की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में कमेटी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन हाजी सैय्यद शकील अहमद तथा सेक्रेटरी हाजी महमूद खान ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी का आयोजन धार्मिक उत्साह के साथ-साथ बनारस की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की भावना के अनुरूप किया जाएगा। आयोजन में शहर के विभिन्न इलाकों से अंजुमनें और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
25 अगस्त की शाम निकलेगा जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस
कमेटी के अनुसार 25 अगस्त की शाम जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पारंपरिक जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस बेनियाबाग के पूर्वी छोर स्थित हड़हा मैदान से प्रारंभ होगा। यहां से जुलूस सराय हड़हा, छत्तातले, नारियल बाजार, दालमंडी, नई सड़क, मस्जिद खुदा बख्श जायसी (लंगड़े हाफिज), फरान होटल, नई सड़क चौराहा, कुरैशाबाद, फाटक शेख सलीम, आस्ताना रहीम शाह और भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां मार्ग होते हुए कटरा बंशीधर और अमीन मंजिल बेनियाबाग पहुंचेगा।
जुलूस के समापन के बाद बेनियाबाग स्थित मरकज़ के मुख्य मंच पर सरपरस्त-ए-आला अल्हाज हजरत मौलाना सूफी मोहम्मद जकिउल्लाह असदुल कादरी की आगाजी तकरीर होगी। इसके पश्चात नातिया मुकाबले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वाराणसी के अलावा अन्य शहरों से आने वाली अंजुमनें भी हिस्सा लेंगी।
35 मंचों पर अंजुमनें पेश करेंगी नातिया कलाम
मरकज़ी यौमुन्नबी कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि कमेटी के अधीन अलग-अलग नामों से करीब 35 डाइजो पर अंजुमनों की ओर से नातिया कलाम पेश किए जाएंगे। आयोजन के दौरान अंजुमनों की प्रस्तुतियों के माध्यम से पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं, रहमत, मोहब्बत और भाईचारे के संदेश को सामने रखा जाएगा।
कमेटी के अनुसार 26 अगस्त की शाम बारहवीं रबीउल अव्वल के अवसर पर दालमंडी स्थित नश्रगाह डायज (ताज होटल) से अंजुमनों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कमेटी के संरक्षक और पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होकर अंजुमनों की हौसला अफजाई करेंगे तथा बेहतर प्रस्तुतियों के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
प्रशासन से सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
प्रेसवार्ता के दौरान कमेटी अध्यक्ष हाजी सैय्यद शकील अहमद ने कहा कि आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से कई आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से पहले संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाना जरूरी है।
विशेष रूप से दालमंडी क्षेत्र की खराब सड़कों और सीवर के बहते गंदे पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जुलूस के मार्ग में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समय रहते आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए। साथ ही जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी प्रशासन से विशेष व्यवस्था की अपेक्षा की गई है।
गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील
कमेटी के सेक्रेटरी हाजी महमूद खान ने कहा कि हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए और उन्होंने इंसानियत, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाराणसी की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द से है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस वर्ष भी सभी धर्मों के लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ जश्ने ईद मिलादुन्नबी में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी समुदायों के लोगों के सहयोग से आयोजन को शांतिपूर्ण, सुंदर और यादगार बनाया जाएगा।
हाजी महमूद खान ने प्रशासन से भी अपील की कि जुलूस और अन्य कार्यक्रमों से पहले मार्ग की समस्याओं को दूर कर लिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में मो. अबरार खान, मो. इमरान खान, शकील अहमद सिद्दीकी, हाजी इकबाल, आगा कमाल, रेयाज अहमद नूर, वारिस बब्लू, हाजी समर खान, हाजी राशीद इकबाल, राशीद सिद्दीकी, हाजी यासीन गुड्डू, अब्दुल मन्नान, सोहराब आलम, तौकीर अहमद, साजिद गुड्डू, फुरकान खान, अजहर अज्जू, जमाल जफर, मारुफ अली, सऊद खान, इम्तियाज अहमद, अली अख्तर, अशरफ अहमद (एड.), एस. जावेद, रजब अख्तर (राजा), खालिद शिवाला, सरफराज भोलू, नेहालुद्दीन (एड.), शकील अहमद जादूगर, हाजी जावेद, रेयाज छोटू, बाबू नकाब, राशीद मार्शल, शमीम चांद, कैफ आलम सहित कमेटी के अन्य जिम्मेदार पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
कमेटी ने उम्मीद जताई कि शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और प्रशासन के सहयोग से 25 और 26 अगस्त को होने वाले सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न होंगे।
