वाराणसी (रणभेरी): श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद काशी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार और नगर निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई परिवहन व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों और मार्गों से मंदिर तक इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलाई जाएंगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार यह सेवा प्रारंभिक चरण में मैदागिन, राज नारायण पार्क (बेनियाबाग) और कबीर चौरा जैसे प्रमुख स्थानों से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 तक उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत यात्रियों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने के बाद आगे की यात्रा गोल्फ कार्ट के माध्यम से करनी होगी।
पहले चरण में लगभग 25 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट संचालन में लाई जाएंगी, जिनकी संख्या भविष्य में मांग और भीड़ को देखते हुए बढ़ाई जा सकती है। इन कार्टों में दो प्रकार की व्यवस्था होगी एक में 6 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि दूसरी में 9 लोग एक साथ यात्रा कर सकेंगे।
प्रशासन का कहना है कि यह सेवा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है और इससे मंदिर क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। यात्रियों को इस सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा।
इन गोल्फ कार्ट का संचालन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा, ताकि दिनभर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में शहर के अन्य हिस्सों से भी इस तरह की शटल सेवा शुरू करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
इस पहल को काशी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है, जिससे विश्वनाथ धाम तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान और व्यवस्थित हो सकेगा।
