- शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा मुहर्रम का त्यौहार : डीएम
- प्रशासन अपने क्षेत्र के ताजिये वालें स्थानों का भ्रमण कर वहां पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराए
- समिति सदस्यों से कहा गया कि कोई भी ताजिए के साथ अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रदर्शन न करें
वाराणसी (रणभेरी): आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। इसमें धर्मगुरुओं, इमामों, ताजियेदारों तथा सिविल डिफेंस के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुहर्रम के दौरान कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा उनके साथ किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन से बचने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही डीजे की ध्वनि सामान्य स्तर पर रखने की अपील की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ताजिया स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। नगर निगम और पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई, चूने का छिड़काव तथा गर्मी को देखते हुए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, लटके तारों और खराब बिजली बॉक्सों को दुरुस्त करने के लिए कहा गया। लोक निर्माण विभाग को जुलूस मार्गों की सड़कों और गलियों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि त्योहार की गरिमा बनाए रखते हुए सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी निगरानी के दौर में कोई भी अपराधी बच नहीं सकता। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शहर की मस्जिदों के इमाम उपस्थित रहे।
