कुंडली विश्लेषण के आधार पर बताया डिजिटल आंदोलन का संभावित राजनीतिक प्रभाव और विस्तार
वाराणसी (रणभेरी): सोशल मीडिया पर चर्चा में आई तथाकथित “कॉक्रोच जनता पार्टी” को लेकर अब ज्योतिषीय विश्लेषण भी सामने आने लगा है। काशी के ज्योतिषाचार्य आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने इस डिजिटल मंच की स्थापना की कुंडली तैयार कर इसके भविष्य और संभावित राजनीतिक प्रभाव को लेकर कई दावे किए हैं।
आचार्य के अनुसार इस डिजिटल आंदोलन की शुरुआत 16 मई 2026 को सुबह 10:48 बजे किए गए पहले सोशल मीडिया पोस्ट को आधार मानकर की गई है। मेदिनी ज्योतिष के अनुसार किसी संगठन के सार्वजनिक रूप से सामने आने का समय उसकी स्थापना कुंडली का आधार होता है। इसी आधार पर तैयार कुंडली में कर्क लग्न तथा दशम भाव की स्थिति को इस आंदोलन की आक्रामक और जनभावनात्मक ऊर्जा का संकेत बताया गया है।
ज्योतिषाचार्य ने दावा किया कि मंच से जुड़े युवाओं में बेरोजगारी, परीक्षा प्रणाली और व्यवस्था को लेकर गहरा असंतोष है, जो आगे चलकर बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है। कुंडली में मंगल और चंद्रमा की स्थिति को उन्होंने उग्र और टकरावपूर्ण प्रवृत्ति का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि अष्टम भाव में राहु की स्थिति डिजिटल नेटवर्क और सोशल मीडिया के तीव्र प्रसार को दर्शाती है।
यह मंच भविष्य में एक बड़े डिजिटल दबाव समूह के रूप में उभर सकता है, हालांकि इसके साथ भ्रम, प्रोपेगैंडा और वैचारिक ध्रुवीकरण की आशंका भी बनी रह सकती है। आचार्य ने स्पष्ट किया कि यह पूरा विश्लेषण केवल ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है और इसका उद्देश्य चेतावनी या भविष्यवाणी के रूप में नहीं, बल्कि संभावित सामाजिक प्रवृत्तियों के संकेत के रूप में देखा जाना चाहिए।
