ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सिगरा पुलिस की कार्रवाई, बिहार निवासी युवक गिरफ्तार
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 31.275 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे महिंद्रा वीरो वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को सिगरा थाना क्षेत्र के पचपेड़वा में पुरानी लोहे की पानी की टंकी के पास कार्रवाई की गई। इस दौरान बिहार के बक्सर जिले के निवासी 27 वर्षीय राज किशोर गोंड को हिरासत में लिया गया। वह नवाडेरा, पोस्ट पुराना भोजपुर, थाना भोजपुर का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 पैकेट में रखा गांजा बरामद हुआ।
गांजे के साथ नकदी, मोबाइल और पशुआहार भी मिला
पुलिस की कार्रवाई में मादक पदार्थ के अलावा महिंद्रा वीरो चार पहिया वाहन, 1,400 रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। इसके साथ ही पशुआहार की 10 बोरियां भी मिली हैं। पुलिस बरामद सभी सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0431/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामदगी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह अभियान पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा काशी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाया गया। कार्रवाई में सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और सिगरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम मिश्रा, रोहित त्रिपाठी, सुधीर कुमार अग्रहरि और अंकित कुमार राय शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
