वाराणसी में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एफआईआर की मांग, सपा ने आंदोलन की दी चेतावनी

वाराणसी में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एफआईआर की मांग, सपा ने आंदोलन की दी चेतावनी

वाराणसी (रणभेरी): समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। पार्टी नेताओं ने चेतगंज थाने पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा और सांसद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अधिवक्ता राजू यादव ने किया। उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संबंध में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी अनुचित, भ्रामक और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। उनका आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक माहौल को खराब करने और समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास हैं।

राजू यादव ने कहा कि शिकायत पत्र के माध्यम से पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समय तक एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आम नागरिकों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे।

उन्होंने अपने संबोधन में यह भी आरोप लगाया कि सांसद निशिकांत दुबे पूर्व में भी विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए और किसी भी जनप्रतिनिधि को विशेष छूट नहीं मिलनी चाहिए।

वाराणसी में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एफआईआर की मांग, सपा ने आंदोलन की दी चेतावनी

राजू यादव ने प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि विपक्ष से जुड़े किसी कार्यकर्ता द्वारा सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी की जाती है तो तत्काल कानूनी कार्रवाई होती है, लेकिन जब सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधि पर आरोप लगते हैं तो प्रक्रिया धीमी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए और लोकतंत्र में निष्पक्षता सर्वोपरि है।

वाराणसी में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एफआईआर की मांग, सपा ने आंदोलन की दी चेतावनी

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है तथा उसका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में रहेगा। प्रशासन से मांग की गई कि मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लिया जाए ताकि कानून के प्रति जनता का विश्वास बना रहे।

इस दौरान शिकायत पत्र सौंपने वालों में लक्ष्मीकांत किशमिश गुरु, प्रमोद राय, शंकर विशनानी, विकास यादव बच्चा, संतोष यादव, वरुण सिंह, अतुल श्रीवास्तव, इरशाद अहमद, रमाकांत जायसवाल, राहुल कन्नौजिया, शान केशरी सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *