वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सुबह 6 बजे से शुरू हुए संयुक्त अभियान में लोक निर्माण विभाग (PWD) और Varanasi Development Authority की टीम ने 12 चिन्हित मकानों को ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई भारी पुलिस बल की मौजूदगी और ड्रोन निगरानी के बीच संपन्न हुई।
भीषण गर्मी को देखते हुए पिछले कुछ दिनों से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुबह के समय ही की जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ काम की गति भी बनी रहे। मंगलवार को भी निर्धारित समय पर दो बुलडोजरों की मदद से अभियान शुरू किया गया।
दुकानों से शुरू हुई कार्रवाई, फिर ढहाए गए भवन
अभियान की शुरुआत भवनों के नीचे बनी दुकानों से की गई। पहले शटर हटाए गए और उसके बाद क्रमवार तरीके से पूरे ढांचे को गिराया गया। इस दौरान कई मकानों के बारजे और सामने के हिस्से भी क्षतिग्रस्त हो गए।
कार्रवाई से पहले भवन स्वामियों और निवासियों को मकान खाली करने के लिए पूर्व में नोटिस दिया गया था। प्रशासन की ओर से मुनादी कराकर भी लोगों को समय रहते सूचित किया गया था।
भारी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन से नजर
अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। मौके पर Atul Anjan Tripathi समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। पूरे ऑपरेशन की ड्रोन कैमरों से रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई।
19 मकान अब भी चिह्नित
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार की कार्रवाई में 12 भवनों को ध्वस्त किया गया है। इसके बाद अब दालमंडी क्षेत्र में चिह्नित किए गए लगभग 19 मकान शेष रह गए हैं, जिन पर आने वाले दिनों में कार्रवाई संभावित है।
