वाराणसी एयरपोर्ट पर आज तीन घंटे बंद रहेगा हवाई यातायात, सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक नो-फ्लाई जोन

वाराणसी एयरपोर्ट पर आज तीन घंटे बंद रहेगा हवाई यातायात, सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक नो-फ्लाई जोन

एयर शो के चलते 25 अक्टूबर को NOTAM का अंतिम दिन, यात्री एयरपोर्ट जाने से पहले जांच लें फ्लाइट का संशोधित समय

वाराणसी (रणभेरी): नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो के मद्देनजर वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर रविवार को भी हवाई यातायात प्रभावित रहेगा। एयर शो के लिए जारी नोटिस टू एयरमिशन (NOTAM) का आज अंतिम दिन है। इसके तहत सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक तीन घंटे के लिए एयरपोर्ट का रनवे सामान्य विमानों के संचालन के लिए बंद रहेगा।

इस दौरान किसी भी यात्री, निजी या अन्य नागरिक विमान को उड़ान भरने अथवा उतरने की अनुमति नहीं होगी। केवल वायु सेना के विमान निर्धारित फ्लाइंग जोन में सैन्य एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की कमान में उड़ान भरेंगे और लैंडिंग करेंगे।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार, एयर शो को देखते हुए 21 से 25 अक्टूबर तक NOTAM जारी किया गया था। रविवार को इसकी अवधि समाप्त हो जाएगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और हवाई यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए सामान्य उड़ानों के संचालन पर निर्धारित समय तक रोक रहेगी।

रिहर्सल और एयर शो से प्रभावित हुआ उड़ानों का संचालन

एयर शो की तैयारियों और आयोजन का असर पिछले दिनों भी विमान सेवाओं पर देखने को मिला। 21 अक्टूबर को विमानों की रिहर्सल के बाद 22 अक्टूबर को तकनीकी कारणों और उड़ानों की समय-सारणी के चलते सामान्य विमानों का संचालन प्रभावित रहा। वहीं, शुक्रवार को स्थानीय एमएलसी चुनाव के कारण एयर शो एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था। इसके चलते सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे के बीच सामान्य दिनों की तरह उड़ानों का संचालन हुआ और यात्रियों को राहत मिली।

शनिवार को एयर शो के दौरान लड़ाकू और अन्य विमानों के प्रदर्शन के कारण बाबतपुर एयरपोर्ट से सामान्य व्यावसायिक उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। दोपहर के समय लागू प्रतिबंध के चलते कई उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा।

इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा की उड़ानें प्रभावित

एयर शो के लिए लागू हवाई प्रतिबंध का असर कई प्रमुख विमानन कंपनियों की सेवाओं पर पड़ा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली की घरेलू उड़ानों के साथ शारजाह जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के समय में बदलाव किया गया। वहीं, इंडिगो की हैदराबाद, बेंगलुरु, दिल्ली और पुणे की उड़ानों को भी रीशेड्यूल करना पड़ा।

अकासा एयर की वाराणसी से बेंगलुरु जाने वाली दैनिक उड़ान भी प्रतिबंध से प्रभावित हुई। दोपहर के समय उड़ानों के संचालन पर रोक के चलते विमानन कंपनियों को अपनी समय-सारणी में फेरबदल करना पड़ा, जिससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ा।

एयरपोर्ट जाने से पहले जांच लें फ्लाइट का समय

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि रविवार को बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान का संशोधित समय जरूर जांच लें। इसके लिए संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, कस्टमर केयर या टोल-फ्री नंबर से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

प्रशासन और विमानन कंपनियों की ओर से जारी एडवाइजरी का उद्देश्य यात्रियों को अनावश्यक परेशानी और एयरपोर्ट पर लंबे इंतजार से बचाना है। ऐसे में यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे अपनी फ्लाइट की ताजा स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही घर से निकलें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *